A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Rules Changing from 1st June: आम जनता को लगेगा तगड़ा झटका या मिलेगी राहत? 1 जून से बदल रहे 6 बड़े नियम; LPG से UPI तक सब पर पड़ेगा असर

Rules Changing from 1st June: आम जनता को लगेगा तगड़ा झटका या मिलेगी राहत? 1 जून से बदल रहे 6 बड़े नियम; LPG से UPI तक सब पर पड़ेगा असर

1 जून से आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई बड़े नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर सीधे आपकी जेब, बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट और रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ सकता है।

1 जून से बदलेंगे नियम- India TV Hindi
1 जून से बदलेंगे नियम

जून का महीना शुरू होने वाला है और इसके साथ ही आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई बड़े नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर आपकी जेब, बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, रेलवे यात्रा और इन्वेस्टमेंट प्लानिंग पर पड़ सकता है। 1 जून 2026 से LPG सिलेंडर की कीमतों से लेकर UPI पेमेंट, ATM चार्ज, PAN नियम और सोलर पैनल तक कई नए नियम लागू होने की संभावना है। ऐसे में समय रहते इन बदलावों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी या अतिरिक्त खर्च से बचा जा सके।

1. UPI पेमेंट में बड़ा बदलाव

डिजिटल पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए NPCI नया नियम लागू करने जा रहा है। अब UPI पेमेंट करते समय QR कोड या मोबाइल नंबर की जगह सामने वाले व्यक्ति या दुकानदार का बैंक में रजिस्टर्ड असली नाम दिखाई देगा। इसका मकसद फर्जी नामों के जरिए होने वाले ऑनलाइन फ्रॉड को रोकना है। इससे यूजर्स को पेमेंट से पहले सही व्यक्ति की पहचान करने में आसानी होगी।

2. LPG सिलेंडर के नए रेट हो सकते हैं लागू

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG और CNG-PNG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। पिछले महीने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई थी। ऐसे में 1 जून से घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। अगर कीमतें बढ़ती हैं तो इसका असर होटल, रेस्टोरेंट और आम परिवारों के बजट पर पड़ सकता है।

3. रेलवे यात्रियों को हो सकती है परेशानी

भारतीय रेलवे जून में बड़े स्तर पर ट्रैक अपग्रेड और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम करने जा रहा है। इसके चलते कई ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे और करीब 77 ट्रेनें रद्द की जा सकती हैं। इसका असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और झारखंड समेत कई राज्यों में देखने को मिलेगा। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करने की सलाह दी गई है।

4. PAN कार्ड नियमों में बदलाव

सरकार ने PAN कार्ड से जुड़े कई नियमों में बदलाव किए हैं। अब कुछ मामलों में PAN देना जरूरी नहीं होगा, जबकि हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन के लिए नियम और सख्त किए गए हैं। उदाहरण के तौर पर, अब ₹20 लाख तक की प्रॉपर्टी डील पर PAN सीमा लागू होगी। वहीं, ₹45 लाख से ज्यादा की प्रॉपर्टी खरीद, गिफ्ट डीड और ज्वाइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट में PAN अनिवार्य होगा।

5. सोलर पैनल से जुड़े नए नियम

1 जून से ALMM नियम लागू होने जा रहे हैं। इसके तहत सरकारी सब्सिडी और नेट-मीटरिंग वाले प्रोजेक्ट्स में केवल मंजूरशुदा सोलर मॉड्यूल और सेल का इस्तेमाल किया जा सकेगा। माना जा रहा है कि इससे सोलर पैनल की कीमतें बढ़ सकती हैं, लेकिन घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मजबूती मिलेगी।

6. ATM और FD नियमों में बदलाव संभव

कई बैंक ATM ट्रांजैक्शन फीस, कैश निकासी लिमिट और FD ब्याज दरों में बदलाव कर सकते हैं। RBI की पॉलिसी और बाजार की स्थिति के आधार पर जून में FD रेट्स ऊपर-नीचे हो सकते हैं। ऐसे में बैंक ग्राहकों को अपने बैंक की नई गाइडलाइन और नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखनी चाहिए।

Latest Business News