टाटा ग्रुप की रिटेल बिजनेस कंपनी ट्रेंट लिमिटेड के चेयरमैन नोएल एन. टाटा 11 नवंबर को पद से रिटायर होंगे। ट्रेंट लिमिटेड ने नोएल टाटा की जगह बहराम वकील को 12 नवंबर से नया चेयरमैन अपॉइंट किया है। ट्रेंट ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि नोएल टाटा 12 नवंबर से मानद चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। कंपनी ने उनके योगदान को देखते हुए ये फैसला लिया है। नोएल टाटा 1997 से ही ट्रेंट के साथ जुड़े रहे हैं।
राजीव दुबे को 30 अक्टूबर से एडिशनल नॉन-एग्जीक्यूटिव, नॉन-इंडीपेंडेंट डायरेक्टर अपॉइंट करने की भी मंजूरी
ट्रेंट लिमिटेड ने कहा कि नोएल टाटा के रणनीतिक मार्गदर्शन और नेतृत्व ने उसकी बाजार स्थिति मजबूत करने और बढ़त हासिल करने में मदद की। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने ट्रेंट में उनके 29 सालों के योगदान की सराहना की। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने राजीव दुबे को 30 अक्टूबर से एडिशनल नॉन-एग्जीक्यूटिव, नॉन-इंडीपेंडेंट डायरेक्टर अपॉइंट करने की भी मंजूरी दी है। हालांकि, ये अपॉइंटमेंट शेयरहोल्डरों की मंजूरी के अधीन है।
कंपनी ने कल्पना मर्चेंट को अपॉइंट किया नया एडिशनल डायरेक्टर और इंडीपेंडेंट डायरेक्टर
इसके अलावा, ट्रेंट लिमिटेड ने कल्पना मर्चेंट को 30 अक्टूबर, 2026 से 3 साल के लिए एडिशनल डायरेक्टर और इंडीपेंडेंट डायरेक्टर अपॉइंट किया है। ये अपॉइंटमेंट भी शेयरहोल्डरों की मंजूरी के अधीन है। कंपनी ने कहा कि लीडरशिप में बदलाव टाटा ग्रुप के ऑपरेशन्स से जुड़े दिशानिर्देशों के अनुरूप है। इन दिशानिर्देशों में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के कंपोजीशन, कमेटी और डायरेक्टरों के रिटायरमेंट से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।
दूसरी तिमाही में कंपनी के इंटीग्रेटेड नेट प्रॉफिट में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी
ट्रेंट कंपनी वेस्टसाइड और जूडियो जैसे ब्रांड के जरिए फैशन रिटेल बिजनेस में एक्टिव है। इसके अलावा कंपनी स्टार नाम से फूड और ग्रोसरी बिजनेस भी चलाती है। कंपनी का इंटीग्रेटेड नेट प्रॉफिट चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 468 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान उसका रेवेन्यू 22 प्रतिशत बढ़कर 5873 करोड़ रुपये हो गया।
गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए कंपनी के शेयर
गुरुवार को बीएसई पर ट्रेंट लिमिटेड के शेयर 1.44 प्रतिशत (42.00 रुपये) की बड़ी गिरावट के साथ 2866.00 रुपये पर बंद हुआ। ट्रेंट के शेयरों ने आज 2920.00 रुपये के लेवल पर कारोबार शुरू किया था, और यही इसका आज का इंट्राडे हाई भी था। कंपनी के शेयर आज 2832.00 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे थे। बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक लो 2185.16 और 52 वीक हाई 3399.75 रुपये है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 1,52,824.35 करोड़ रुपये है।
ये भी पढ़ें
TVS बढ़ाएगा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर का उत्पादन, अब हर महीने 80,000 स्कूटर बनाने का लक्ष्य
Latest Business News