अक्सर ऑनलाइन खाना मंगाने वालों के लिए जरूरी खबर है। अगर आप जोमैटो से खाना ऑर्डर करते हैं और पेमेंट डिलीवरी के समय (COD) में करते हैं, तो अब आपको इसके लिए एक्स्ट्रा पैसे देने पड़ सकते हैं। जोमैटो ने कैश ऑन डिलीवरी ऑर्डर पर अलग से पे ऑन डिलीवरी फीस लगाना शुरू किया है। इससे कैश में भुगतान करने वाले ग्राहकों का कुल बिल बढ़ जाएगा।
यह नया शुल्क ऑर्डर के बिल में पे ऑन डिलीवरी फीस के नाम से दिखाई दे रहा है। हालांकि, यह फीस सभी ग्राहकों के लिए एक जैसी नहीं है। अलग-अलग ऑर्डर और यूजर्स के लिए अलग रकम दिखाई दे रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक कुछ मामलों में यह चार्ज 5 रुपये बताया जा रहा है। हालांकि, इस फीस की गणना किस आधार पर होती है, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। यह ऑर्डर की कीमत, ग्राहक की लोकेशन या किसी अन्य फैक्टर पर निर्भर कर सकती है।
Image Source : Zomato app/CanvaZomato से COD पर खाना मंगाना हुआ महंगा
पहले से लग रहे हैं कई दूसरे चार्ज
जोमैटो पर ग्राहकों को पहले से ही प्लेटफॉर्म फीस के अलावा डिलीवरी चार्ज, पैकेजिंग फीस और अन्य लागू शुल्क देने पड़ते हैं। अब COD के लिए अलग फीस जुड़ने से कैश में भुगतान करने वाले ग्राहकों का खर्च और बढ़ सकता है।
स्विगी पर अभी नहीं है ऐसी फीस
जोमैटो के इस कदम की खास बात यह है कि प्रतिद्वंद्वी प्लेटफॉर्म स्विगी फिलहाल कैश ऑन डिलीवरी ऑर्डर पर अलग से शुल्क नहीं ले रहा है। ऐसे में आने वाले समय में यह बदलाव दोनों प्लेटफॉर्म के बीच प्रतिस्पर्धा को भी प्रभावित कर सकता है।
5 रुपये की फीस से करोड़ों की कमाई?
पहली नजर में 5 रुपये का एक्स्ट्रा चार्ज छोटा लग सकता है, लेकिन बड़े पैमाने पर ऑर्डर होने की वजह से कंपनी के लिए यह अच्छी कमाई का जरिया बन सकता है। जोमैटो को हर दिन करीब 23 से 25 लाख फूड ऑर्डर्स मिलते हैं। अगर 25 प्रतिशत ऑर्डर पर भी 5 रुपये का एक्स्ट्रा चार्ज लगे, तो संभावित अतिरिक्त रकम काफी बड़ी हो सकती है। हालांकि, यह मान लेना सही नहीं होगा कि हर ऑर्डर पर 5 रुपये की फीस लागू है, क्योंकि कंपनी का COD शुल्क अलग-अलग यूजर्स और ऑर्डर में अलग दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें- महिला ने गाय के लिए Zomato से ऑर्डर कीं गरमा-गरम रोटियां, फिर डिलीवरी ब्वॉय से खिलाने को कहा; Video
Latest Business News