1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. होली पर नई दिल्ली समेत 5 स्टेशनों पर नहीं मिलेगी प्लेटफॉर्म टिकट, 3 मार्च तक लागू रहेगा आदेश

होली पर नई दिल्ली समेत 5 स्टेशनों पर नहीं मिलेगी प्लेटफॉर्म टिकट, 3 मार्च तक लागू रहेगा आदेश

होली के रंग चढ़ने से पहले ही रेलवे स्टेशनों पर भीड़ का रंग गहराने लगा है। त्योहार के मद्देनजर यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। नई दिल्ली समेत राजधानी के 5 प्रमुख स्टेशनों पर 3 मार्च तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।

दिल्ली के बड़े...- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली के बड़े स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट बंद!

होली आते ही दिल्ली के रेलवे स्टेशनों का हाल ऐसा लगता है जैसे पूरा शहर स्टेशन पर उमड़ आया हो। ट्रेन पकड़ने वालों से ज्यादा भीड़ उन्हें छोड़ने और लेने वालों की दिखती है। ऐसे में अगर आप भी किसी दोस्त या रिश्तेदार को स्टेशन छोड़ने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले ये खबर जरूर पढ़ लीजिए। रेलवे ने होली की भारी भीड़ को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। नई दिल्ली समेत 5 बड़े स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री फिलहाल बंद कर दी गई है।

इन 5 स्टेशनों पर लगी रोक

रेलवे प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 26 फरवरी 2026 से 3 मार्च 2026 तक दिल्ली के पांच सबसे व्यस्त स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेंगे। इनमें शामिल हैं:

  • नई दिल्ली रेलवे स्टेशन
  • पुरानी दिल्ली (दिल्ली जंक्शन)
  • हजरत निजामुद्दीन
  • आनंद विहार टर्मिनल
  • दिल्ली सराय रोहिल्ला

यानि अगर आपके पास कन्फर्म टिकट नहीं है, तो सिर्फ बाय-बाय या सी-ऑफ करने के लिए स्टेशन के अंदर जाना आसान नहीं होगा।

आखिर क्यों लिया गया ये फैसला?

होली के मौके पर यूपी, बिहार और अन्य राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के साथ-साथ उन्हें छोड़ने आए लोगों की संख्या भी बहुत ज्यादा हो जाती है। कई बार हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। रेलवे का मानना है कि प्लेटफॉर्म टिकट बंद करने से गैर-जरूरी भीड़ कम होगी और जिन लोगों को सच में सफर करना है, उन्हें राहत मिलेगी।

किन लोगों को मिलेगी छूट?

हालांकि, रेलवे ने कुछ खास मामलों में राहत दी है। अगर आप किसी बुजुर्ग, दिव्यांगजन, अनपढ़ यात्री या अकेली महिला यात्री की मदद के लिए स्टेशन आ रहे हैं, तो आपको अंदर जाने की अनुमति मिल सकती है। इसके लिए स्टेशन पर तैनात अधिकारियों को अपनी स्थिति बतानी होगी। यानी पूरी तरह नो-एंट्री नहीं है, लेकिन सख्ती जरूर रहेगी।

सफर से पहले ये बातें याद रखें

  • स्टेशन समय से पहले पहुंचें, क्योंकि सुरक्षा जांच और भीड़ के कारण ज्यादा समय लग सकता है।
  • केवल तय एंट्री गेट से ही अंदर जाएं।
  • हल्का सामान रखें ताकि भीड़ में परेशानी न हो।

Latest Business News