A
Hindi News पैसा बिज़नेस Vande Bharat Sleeper Train: पीएम मोदी ने देश को दी वंदे भारत स्लीपर की सौगात, जानिए किराया, रूट, स्टॉपेज और लग्जरी सुविधाएं

Vande Bharat Sleeper Train: पीएम मोदी ने देश को दी वंदे भारत स्लीपर की सौगात, जानिए किराया, रूट, स्टॉपेज और लग्जरी सुविधाएं

भारतीय रेल के इतिहास में आज का दिन बेहद ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन यात्रियों को तेज रफ्तार के साथ लग्जरी स्लीपर बर्थ, फ्री फूड, हाई-स्पीड Wi-Fi और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं का एक्सपीरिएंस देगी।

पीएम मोदी ने वंदे भारत...- India TV Paisa Image Source : NARENDRA MODI YOUTUBE CHANNEL पीएम मोदी ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई

भारतीय रेलवे के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे लंबी दूरी की रेल यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदलने जा रहा है। यह अत्याधुनिक ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी और यात्रियों को तेज रफ्तार, बेहतर सुरक्षा और लग्जरी सुविधाओं के साथ आरामदायक सफर देगी। 180 किमी प्रति घंटे की स्पीड, स्लीपर बर्थ, आधुनिक टेक्नोलॉजी और किफायती किराया इसे आम यात्रियों के लिए खास बनाता है। जानिए इस ट्रेन का किराया, रूट, स्टॉपेज और शानदार सुविधाएं।

Latest Business News

Live updates : Vande Bharat Sleeper Train Flag off Live

  • 1:52 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

    यह ट्रेन पश्चिम बंगाल के सात जिलों और असम के दो जिलों से गुजरेगी। यह रूट पूर्वी भारत और उत्तर-पूर्व (Northeast) के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा। इससे व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को एक नई गति मिलने वाली है।

  • 1:35 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    पीएम मोदी ने ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारतीय रेलवे को एक ऐतिहासिक सौगात देते हुए देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह हाईटेक ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी और लंबी दूरी की यात्रा को पहले से कहीं ज्यादा तेज, आरामदायक और सुरक्षित बनाएगी।

  • 1:11 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    इमरजेंसी टॉक-बैक

    किसी भी इमरजेंसी स्थिति में यात्री सीधे लोको पायलट से बात कर सकेंगे। इसके लिए हर कोच में इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट लगाई गई है। साथ ही, सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी कोचों में CCTV कैमरों से 24x7 निगरानी की जाएगी।

  • 1:01 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था

    रेलवे ने दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा है। ट्रेन में उनके लिए अलग से शौचालय बनाए गए हैं और व्हीलचेयर से चढ़ने-उतरने की भी सुविधा दी गई है। कोच के अंदर के रास्ते इतने चौड़े हैं कि व्हीलचेयर बिना किसी परेशानी के पूरे कोच में आसानी से चल सके।

  • 12:50 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    पूरी तरह स्वदेशी निर्माण

    पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के जनरल मैनेजर चेतन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री के सहयोग से भारतीय रेलवे की शान वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को कामाख्या से हावड़ा के बीच शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेन का डिजाइन और निर्माण पूरी तरह भारत में ही किया गया है, जो ‘मेक इन इंडिया’ की बड़ी मिसाल है। उन्होंने बताया कि ट्रेन में चार मिनी पैंट्री होंगी, जो नई और आधुनिक तकनीक से पूरी तरह सुसज्जित हैं।

  • 12:40 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    पर्सनल चार्जिंग और रीडिंग लाइट

    हर बर्थ के पास पर्सनल USB चार्जिंग पॉइंट और मोबाइल होल्डर दिए गए हैं। रात में पढ़ने के शौकीन लोगों के लिए इंडिविजुअल रीडिंग लाइट्स लगाई गई हैं, ताकि उनकी लाइट से दूसरे यात्रियों की नींद में कोई परेशानी न आए।

  • 12:31 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    शोर मुक्त सफर

    रेलवे ने इस ट्रेन में noise reduction तकनीक का इस्तेमाल किया है। इससे पटरी की आवाज और हवा का शोर कोच के अंदर बहुत कम सुनाई देगा। यात्री बिना किसी डिस्टर्बेंस के चैन की नींद सो सकेंगे और सुबह तरोताजा महसूस करेंगे।

  • 12:23 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    वंदे भारत स्लीपर ट्रेन स्वदेशी 'कवच' तकनीक से लैस

    सुरक्षा के लिहाज से यह ट्रेन पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें भारत में बनी ‘कवच’ सुरक्षा तकनीक लगी है, जो एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनों के आमने-सामने आने से रोकती है। अगर ड्राइवर से कोई गलती हो जाए, तो यह सिस्टम अपने आप ब्रेक लगा देता है, जिससे हादसे टल जाते हैं।

  • 12:09 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    4 नई अमृत भारत ट्रेनें

    देश की पहले वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 4 नई अमृत भारत ट्रेनों को भी हरी झंड़ी दिखाकर रवाना करेंगे। ये ट्रेनें हैं:

    1. न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोविल अमृत भारत
    2. न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुच्चिराप्पल्लि अमृत भारत
    3. अलीपुरद्वार-एसएमवीटी बेंगलुरु अमृत भारत
    4. अलीपुरद्वार-मुंबई (पनवेल) अमृत भारत

     Image Source : Posted on X by @RailMinIn4 नई अमृत भारत ट्रेनों को लॉन्च करेंगे पीएम मोदी

  • 12:00 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    ट्रेन का खान-पान

    यात्रियों को उनकी यात्रा की दिशा के अनुसार भोजन परोसा जाएगा। गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया व्यंजन और हावड़ा से चलने वाली ट्रेन में पारंपरिक बंगाली भोजन का स्वाद मिलेगा। यह फूड ऑन बोर्ड सेवा प्रीमियम क्लास के लिए विशेष होगी।

  • 11:54 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    महिलाओं ने गाना गाकर माहौल को खुशनुमा बनाया

    भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस खास मौके पर ट्रेन में सवार महिलाएं कार्यक्रम शुरू होने से पहले खुशी-खुशी गीत गाती नजर आईं।

  • 11:44 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    किन-किन रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

    हावड़ा और कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान रंगिया, न्यू बोंगईगांव, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू कूचबिहार, जलपाईगुड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, अलुआबाड़ी रोड, मालदा टाउन, न्यू फरक्का, अजीमगंज, कटवा, नबद्वीप धाम, बंदेल जंक्शन पर रुकेगी।

    Image Source : Ministry of Railwaysवंदे भारत स्लीपर ट्रेन का स्टॉपेज

  • 11:32 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर का टाइम टेबल

    • ट्रेन नंबर- 27575, हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को छोड़कर रोजाना शाम 06.20 बजे हावड़ा जंक्शन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 08.20 बजे कामाख्या पहुंचेगी।
    • ट्रेन नंबर- 27576, कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को छोड़कर रोजाना शाम 06.15 बजे कामाख्या जंक्शन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 08.15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
  • 11:20 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    ट्रेन में होंगे 16 कोच

    ट्रेन में कुल 16 वातानुकूलित (AC) कोच होंगे। इनमें 11 कोच 3-टियर AC, 4 कोच 2-टियर AC और 1 कोच फर्स्ट-क्लास AC का होगा। ट्रेन की कुल क्षमता 823 यात्रियों की है, जिससे बड़ी संख्या में लोग सफर कर सकेंगे।

  • 11:09 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    किराया स्ट्रक्टर

    रेलवे ने इसका किराया मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर तय किया है। हावड़ा से गुवाहाटी के लिए 3AC का किराया 2300 रुपये, 2AC का 3000 रुपये और 1AC का 3600 रुपये के आसपास रखा गया है। यह हवाई सफर की तुलना में काफी किफायती और आरामदायक ऑप्शन है।

  • 10:58 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    उद्घाटन विशेष ट्रेन का विस्तृत समय और ठहराव का विवरण इस प्रकार है-

    स्टेशन आगमन प्रस्थान
    मालदा टाउन --- 01:00 PM
    अलुआबाड़ी रोड जंक्शन 03:00 PM 03:05 PM
    न्यू जलपाईगुड़ी जंक्शन 03:45 PM 03:55 PM
    जलपाईगुड़ी रोड 04:30 PM 04:35 PM
    न्यू कूचबिहार 05:45 PM 05:50 PM
    न्यू अलीपुरद्वार 06:05 PM 06:10 PM
    न्यू बोंगईगांव जंक्शन 07:40 PM 07:45 PM
    रंगिया जंक्शन 09:10 PM 09:15 PM
    कामाख्या जंक्शन 10:45 PM ---
  • 10:49 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    दुल्हन की तरह सजी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

    देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलने को तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 1 बजे के करीब इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। फिलहाल, मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर खड़ी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को दुल्हन की तरह सजाया गया है।

  • 10:44 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    नो वीआईपी कल्चर, नो आरएसी, नो वेटिंग

    इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत इसका नो वीआईपी नियम है। ट्रेन में RAC या वेटिंग लिस्ट का कोई प्रावधान नहीं है। केवल उन्हीं यात्रियों को प्रवेश मिलेगा जिनके पास कंफर्म टिकट होगा। यह यात्रियों को एक प्रीमियम और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए किया गया है।

  • 10:36 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    180 kmph की टॉप स्पीड

    वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को 180 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है। हालांकि, रूट की सुरक्षा और पटरियों की क्षमता के अनुसार इसे 130-160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया जाएगा, जो इसे इस रूट की सबसे तेज ट्रेन बनाएगा।

  • 10:21 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    ट्रेन का रूट

    यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा (कोलकाता) से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच 970 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह पूर्वी भारत की व्यस्त रूट पर चलेगी, जो पश्चिम बंगाल के सात जिलों और असम के दो जिलों से गुजरेगी। ट्रेन नंबर 27575 हावड़ा से कामाख्या और 27576 कामाख्या से हावड़ा तक चलेगी, जो यात्रा समय को 2.5-3 घंटे कम कर देगी।

  • 10:13 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    ऐतिहासिक दिन: पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

    आज 17 जनवरी, 2026 का दिन भारतीय रेलवे के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह भारत की पहली सेमी-हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन है।