1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पीएम मोदी ने एकतानगर को दी ₹400 करोड़ से ज्यादा की सौगात, IRCTC होटल, रेनफॉरेस्ट और इको ट्रेल समेत कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन

पीएम मोदी ने एकतानगर को दी ₹400 करोड़ से ज्यादा की सौगात, IRCTC होटल, रेनफॉरेस्ट और इको ट्रेल समेत कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकतानगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में 127 कमरों वाला IRCTC होटल, रेनफॉरेस्ट, यूनिटी इको ट्रेल और नर्मदा घाट का अपग्रेडेशन शामिल है।

पीएम मोदी ने एकतानगर...- India TV Hindi
Image Source : ANI पीएम मोदी ने एकतानगर को ₹400 करोड़ से ज्यादा की सौगात दी

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने के लिए गुजरात के एकतानगर पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अब यहां घूमने के साथ-साथ ठहरने और मनोरंजन की सुविधाएं भी पहले से बेहतर होने जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2026 को एकतानगर में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया और कई नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन योजनाओं में 127 कमरों वाला IRCTC होटल, रेनफॉरेस्ट, यूनिटी और इको ट्रेल, नर्मदा घाट का विकास और जल-सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

IRCTC होटल से पर्यटकों को मिलेगी बेहतर सुविधा

एकतानगर रेलवे स्टेशन के पास IRCTC ने करीब 52.50 करोड़ रुपये की लागत से 127 कमरों वाला आधुनिक होटल तैयार किया है। करीब दो एकड़ में बने इस होटल में चार श्रेणियों के कमरे, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, बैंक्वेट हॉल, कॉन्फ्रेंस सुविधाएं और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं हैं। स्टेशन के नजदीक होने से ट्रेन से आने वाले यात्रियों को यहां पहुंचने में आसानी होगी। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने अब तक 3 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं। ऐसे में होटल की नई सुविधा से पर्यटकों को ठहरने का एक और ऑप्शन मिलेगा। इससे उम्मीद है कि लोग एकतानगर में अधिक समय बिताएंगे और आसपास के पर्यटन स्थलों को भी फायदा होगा।

रेनफॉरेस्ट, इको ट्रेल और नर्मदा घाट का विकास

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रेनफॉरेस्ट, यूनिटी और इको ट्रेल से जुड़े प्रोजेक्ट भी शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही नर्मदा घाट के उन्नयन और क्षेत्र में फसाड लाइटिंग की व्यवस्था से भी एकतानगर की खूबसूरती बढ़ाने की योजना है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर अनुभव देना और क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से ज्यादा अट्रैक्टिव बनाना है। सीवेज और जल उपचार संयंत्र से साफ-सफाई और पानी के प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इन नई परियोजनाओं की भी रखी आधारशिला

प्रधानमंत्री ने कई अन्य विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी। इनमें गोरा-भद्र रोड का विकास, इंटीग्रेटेड जीरो वेस्ट स्मार्ट सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट और खलवानी इको टूरिज्म डेवलपमेंट शामिल हैं। इसके अलावा कैक्टस और बटरफ्लाई गार्डन के एकीकृत विकास की योजना भी है।

स्थानीय रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

इन परियोजनाओं से एकतानगर में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। होटल और पर्यटन सुविधाओं के संचालन से रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। वहीं, पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों, टैक्सी चालकों, होटल कारोबारियों और खानपान से जुड़े व्यवसायों को भी लाभ मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- "मोदी कहीं नहीं जायेगा", बैनर लेकर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए क्यों पहुंचे पशुपालक? 25 साल की कहानी जानेंगे तो करेंगे तारीफ

Latest Business News