1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भेड़ाघाट से 'पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा' का शानदार आगाज! अब बांधवगढ़-कान्हा-मैहर की दूरी बस मिनटों में, पर्यटकों की होगी मौज

भेड़ाघाट से 'पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा' का शानदार आगाज! अब बांधवगढ़-कान्हा-मैहर की दूरी बस मिनटों में, पर्यटकों की होगी मौज

मध्य प्रदेश में पर्यटन को नई उड़ान मिल गई है। विश्वप्रसिद्ध मार्बल रॉक्स और धुआंधार जलप्रपात के लिए मशहूर भेड़ाघाट अब केवल नेचुरल ब्यूटी के लिए ही नहीं, बल्कि हवाई कनेक्टिविटी के एक बड़े केंद्र के रूप में भी जाना जाएगा।

भेड़ाघाट से उड़ी...- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भेड़ाघाट से उड़ी पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा

मध्य प्रदेश पर्यटन के लिए 20 नवंबर का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब विश्व प्रसिद्ध संगमरमर घाटी भेड़ाघाट से पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा ने उड़ान भरी। सुबह 11:20 बजे जैसे ही हेलीकॉप्टर ने आसमान में पहला चक्कर लगाया, पर्यटन जगत में नए युग की शुरुआत हो गई। अब वे स्थल, जिन तक पहुंचने में घंटों की लंबी यात्रा लगती थी, वहीं तक पर्यटक कुछ ही मिनटों में पहुंच सकेंगे। यह पहल न सिर्फ पर्यटन को गति देगी, बल्कि मध्य प्रदेश को हेली-पर्यटन में नई पहचान भी दिलाएगी।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भेड़ाघाट के हेलीपैड पर इस अनोखी सेवा का शुभारंभ किया। उनके साथ भेड़ाघाट नगर परिषद अध्यक्ष चतुर सिंह लोधी, पर्यटन बोर्ड के पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय विमानन मंत्रालय, मध्य प्रदेश शासन और पर्यटन बोर्ड के संयुक्त प्रयासों से शुरू हुई यह सेवा लंबे समय से प्रतीक्षित थी।

अब जबलपुर से बड़े पर्यटन स्थल मिनटों में

इस सेवा के जरिए पर्यटक अब जबलपुर से कान्हा टाइगर रिजर्व, बांधवगढ़, धार्मिक नगरी मैहर, प्राकृतिक धरोहर अमरकंटक और चित्रकूट जैसे चुनिंदा स्थलों तक बेहद कम समय में पहुंच सकेंगे। यह हैलीकॉप्टर सर्विस हफ्ते में पांच दिन यानी सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। बुधवार और गुरुवार को उड़ानें नहीं होंगी। प्रत्येक हेलीकॉप्टर में 6 पर्यटक बैठ सकेंगे और बुकिंग फ्लाई ओला, ट्रांस भारत और IRCTC के जरिए होगी।

किराया और टाइमिंग

सरकार ने किराया भी बेहद आकर्षक रखा है ताकि ज्यादा से ज्यादा पर्यटक इसका लाभ उठा सकें:

  • चित्रकूट-मैहर: 2500 रुपये | 30 मिनट
  • जबलपुर-कान्हा: 6250 रुपये | 75 मिनट
  • जबलपुर-अमरकंटक: 5000 रुपये | 60 मिनट
  • भोपाल-मढ़ई: 4000 रुपये | 40 मिनट
  • भोपाल-पचमढ़ी: 5000 रुपये | 30 मिनट
  • इंदौर-उज्जैन: 5000 रुपये | 20 मिनट
  • इंदौर-ओंकारेश्वर: 6500 रुपये | 40 मिनट

पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

नई सेवा से वन्यजीव पर्यटन, आध्यात्मिक यात्राओं और प्राकृतिक स्थलों का आकर्षण कई गुना बढ़ने वाला है। साथ ही रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- देबजीत देब

Latest Business News