1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुंबई में 6.2% और दिल्ली में 3.9% बढ़ी प्रॉपर्टी की कीमतें, 50.7% की बंपर बढ़ोतरी के साथ पहले स्थान पर रहा ये शहर

मुंबई में 6.2% और दिल्ली में 3.9% बढ़ी प्रॉपर्टी की कीमतें, 50.7% की बंपर बढ़ोतरी के साथ पहले स्थान पर रहा ये शहर

ग्लोबल लेवल पर हाउसिंग प्रॉपर्टी की कीमतों में अपेक्षाकृत धीमी बढ़ोतरी के बीच मुंबई का टॉप 10 प्रमुख हाउसिंग मार्केट में शामिल होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Property prices, Property rates, Property rates in mumbai, Property rates in delhi- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY सांकेतिक तस्वीर

प्रमुख हाउसिंग प्रॉपर्टी की कीमतों में जून तिमाही में सालाना आधार पर 6.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ मुंबई, दुनिया के 46 शहरों में 8वें स्थान पर रहा। रियल एस्टेट कंसल्टेंट कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया ने दुनियाभर के प्रमुख शहरों के आंकड़े जारी किए हैं। चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में दुनिया में प्रमुख हाउसिंग प्रॉपर्टी की कीमतों में सालाना औसतन 2.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कुल 46 शहरों में से 32 में सालाना आधार पर हाउसिंग प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ी हैं। 

दिल्ली से आगे रहा बेंगलुरू

नाइट फ्रैंक इंडिया के अनुसार, बेंगलुरु में इस दौरान प्रॉपर्टी की कीमतों में 4.5 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई और ये दुनिया के टॉप 46 शहरों में 12वें स्थान पर रहा। इस लिस्ट में देश की राजधानी दिल्ली 17वें स्थान पर रही। जून तिमाही में दिल्ली में प्रॉपर्टी की कीमतों में सालाना आधार पर 3.9 प्रतिशत की ही बढ़ोतरी हुई। 

टोक्यो में 50 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ी प्रॉपर्टी की कीमतें

नाइट फ्रैंक इंडिया द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, जापान की राजधानी टोक्यो इस लिस्ट में पहले स्थान पर रहा। टोक्यो में प्रॉपर्टी की कीमतों में 50.7 प्रतिशत की बंपर सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस लिस्ट में जापान के बाद दूसरे स्थान पर फिलीपींस की राजधानी मनीला रही, जहां प्रॉपर्टी की कीमतों में 14.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। 10.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ दुबई इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर रहा।

सिंगापुर चौथे स्थान पर

सिंगापुर इस लिस्ट में 9.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ चौथे स्थान पर रहा। 8.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ नैरोबी इस लिस्ट में 5वें स्थान पर रहा। क्राइस्टचर्च 6.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ छठे और सियोल 6.4 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ सातवें स्थान पर रहा। वियना 5.9 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ नौवें और सैन फ्रांसिस्को 5 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 10वें स्थान पर रहा। 

मुंबई में प्रॉपर्टी की तगड़ी डिमांड

नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर शिशिर बैजल ने कहा, ''ग्लोबल लेवल पर हाउसिंग प्रॉपर्टी की कीमतों में अपेक्षाकृत धीमी बढ़ोतरी के बीच मुंबई का टॉप 10 प्रमुख हाउसिंग मार्केट में शामिल होना महत्वपूर्ण है।'' उन्होंने कहा कि शहर में 6.2 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी प्रमुख हाउसिंग मार्केट में मजबूत मांग को दर्शाती है। इस मार्केट में लोकेशन, क्वालिटी और अलग तरह की हाउसिंग प्रॉपर्टी के कीमतों को समर्थन दे रही हैं। बैजल ने कहा, ''इंवेस्टर्स और बायर्स के लिए ये दर्शाता है कि मुंबई का प्रमुख हाउसिंग प्रॉपर्टी मार्केट लॉन्ग टर्म वेल्थ क्रिएशन और सीमित सप्लाई से मजबूती से जुड़ा हुआ है।'' 

ये भी पढ़ें

47 रुपये पर पहुंचा GMP Price, आईपीओ को मिला 177 गुना सब्सक्रिप्शन, 30 सितंबर को लिस्ट होगी कंपनी

Latest Business News