घर खरीदने का सपना अब देश के बड़े शहरों में तेजी से महंगा होता जा रहा है। खासकर बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली-NCR जैसे शहरों में प्रॉपर्टी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। रियल एस्टेट कंसल्टेंट प्रॉपटाइगर की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में देश के आठ बड़े शहरों में मकानों की कीमतों में 3% से 24% तक की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा उछाल बेंगलुरु में देखने को मिला, जहां घरों के दाम 24% तक बढ़ गए।
आईटी हब बेंगलुरु में आवासीय प्रॉपर्टी की औसत कीमत बढ़कर ₹9,785 प्रति वर्ग फुट पहुंच गई है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां मजबूत नौकरी बाजार, बड़ी आईटी कंपनियों की मौजूदगी और तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम ने हाउसिंग डिमांड को काफी मजबूत किया है। यही वजह है कि बेंगलुरु ने सभी बड़े शहरों को पीछे छोड़ दिया।
मुंबई में भी प्रॉपर्टी खरीदना हुआ मुश्किल
मुंबई महानगर क्षेत्र यानी MMR में घरों की कीमतों में 20% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां औसत प्रॉपर्टी रेट ₹15,120 प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गया है। मुंबई पहले से ही देश के सबसे महंगे रियल एस्टेट बाजारों में गिना जाता है और अब नई बढ़ोतरी ने आम खरीदारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
दिल्ली-NCR में भी तेजी से बढ़े दाम
दिल्ली-एनसीआर में भी घर खरीदना पहले की तुलना में काफी महंगा हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यहां प्रॉपर्टी की कीमतों में 18% की वृद्धि हुई और औसत रेट ₹9,534 प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे, मेट्रो कनेक्टिविटी और लग्जरी हाउसिंग की बढ़ती मांग इसकी बड़ी वजह है।
पुणे और हैदराबाद में भी बढ़ी कीमतें
पुणे में घरों के दाम 12% और हैदराबाद में 11% बढ़े हैं। वहीं अहमदाबाद में 8%, कोलकाता में 7% और चेन्नई में 3% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अब रियल एस्टेट बाजार पहले की तुलना में ज्यादा व्यवस्थित और स्थिर हो चुका है। लोगों का भरोसा बढ़ा है और बेहतर लोकेशन वाले प्रोजेक्ट्स की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा सीमित इन्वेंट्री और प्रीमियम हाउसिंग की डिमांड भी कीमतों को ऊपर ले जा रही है।
Latest Business News