भारतीय रेल ने ट्रेनों के समय पर चलने और 15 मिनट से ज्यादा की देरी होने पर निगरानी के लिए अपना पहला इंटरनल एंड्रॉयड-बेस्ड मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। साउथ कोस्ट रेलवे (SCoR) के विजयवाड़ा डिवीजन द्वारा डेवलप किए गए इस ऐप का नाम 'Punctuality BZA' है। ये नया ऐप रेलवे अधिकारियों को ट्रेनों की आवाजाही और देरी को ट्रैक करने में मदद करेगा।
बार-बार ओटीपी डालने की नहीं पड़ेगी जरूरत
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विजयवाड़ा डिवीजन के PRO नुसरत एम. मंद्रुपकर ने बताया कि ये मोबाइल ऐप रेल अधिकारियों और कंट्रोलर्स को कहीं से भी ट्रेनों की आवाजाही की आसानी से निगरानी करने में सक्षम बनाएगा। अधिकारी ने बताया कि ये ऐप डेस्कटॉप-बेस्ड सिस्टम पर निर्भरता को खत्म करता है और पारंपरिक ICMS वेब पोर्टल की कमियों को दूर करता है, जिसमें यूजर्स को कई स्क्रीन पर जाना पड़ता था और बार-बार OTP-बेस्ड ऑथेंटिकेशन पूरा करना पड़ता था।
15 मिनट से ज्यादा देर होने पर मिलेगा ऑटोमैटिक नोटिफिकेशन
SCoR के अनुसार, ये नया मोबाइल ऐप ट्रेन ऑपरेशन्स से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी डैशबोर्ड में जोड़ता है। ये सेक्शन-वाइज ट्रेन स्टेटस, लेट ट्रेन मॉनिटरिंग (LTM), PAM (पंचुएलिटी असेसमेंट मॉड्यूल) आंकड़े और ट्रेन के 15 मिनट से ज्यादा देर होने पर ऑटोमैटिक नोटिफिकेशन जैसी सुविधाएं देता है। रेलवे अधिकारी ने कहा, "ये रियल-टाइम निगरानी क्षमता स्थिति की समझ को बेहतर बनाती है, तेजी से फैसले लेने में मदद करती है और समय-पालन में सुधार के लिए तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करने में सक्षम बनाती है।"
ट्रेन मैनेजरों के लिए भी काफी मददगार होगा नया ऐप
नए 'Punctuality BZA' ऐप को 'लेट ट्रेन मॉनिटरिंग (LTM BZA)' सिस्टम के साथ भी जोड़ा गया है। ये एक इन-हाउस टूल है जो ट्रेन मैनेजरों के लिए ट्रेन चलाने से जुड़े डॉक्यूमेंटेशन को ऑटोमैटिक बनाता है। इससे रेलवे अधिकारी देरी से जुड़ी जानकारी और ट्रेन की आवाजाही का डेटा रियल-टाइम में देख पाते हैं, जिससे उन्हें ऑपरेशनल समस्याओं पर तेजी से प्रतिक्रिया देने में मदद मिलती है।
Punctuality BZA ऐप से अधिकारियों को मिलेगा रियल-टाइम ऑपरेशनल डेटा
एक बयान में, विजयवाड़ा डिवीजन के DRM मोहित सोनाकिया ने कहा कि ये ऐप रेलवे अधिकारियों को रियल-टाइम ऑपरेशनल डेटा देगा। इससे तेजी से हस्तक्षेप और डेटा-आधारित फैसले लेना संभव होगा। इसके साथ ही फील्ड स्टाफ सुरक्षा और यात्री सेवा पर ज्यादा ध्यान दे पाएगा।
ये भी पढ़ें-
अगले साल शुरू होगी देश की पहली बुलेट ट्रेन, 100 किमी लंबे सूरत-वापी सेक्शन पर रफ्तार भरेंगी हाई-स्पीड ट्रेन
Latest Business News