1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कब शुरू होगी बुलेट ट्रेन, कहां से कहां तक चलेगी, किन स्टेशनों पर रुकेगी, सारा अपडेट आ गया सामने, रेल मंत्री ने खुद बता दिया

कब शुरू होगी बुलेट ट्रेन, कहां से कहां तक चलेगी, किन स्टेशनों पर रुकेगी, सारा अपडेट आ गया सामने, रेल मंत्री ने खुद बता दिया

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jan 01, 2026 06:10 pm IST,  Updated : Jan 01, 2026 07:03 pm IST

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश की पहली बुलेट ट्रेन सर्विस 15 अगस्त, 2027 को शुरू होगी। ये अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का पहला चरण होगा।

ahmedabad-mumbai bullet train, ahmedabad-mumbai bullet train project, ahmedabad-mumbai bullet train - India TV Hindi
508 किमी होगी अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन रूट की कुल लंबाई Image Source : FREEPIK

भारत की पहली बुलेट ट्रेन की पहली कमर्शियल जर्नी की तारीख का ऐलान हो चुका है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को बुलेट ट्रेन की पहली यात्रा की तारीख की घोषणा की। अश्विनी वैष्णव ने मीडिया के साथ बातचीत करते हुए बताया कि देश की पहली बुलेट ट्रेन सर्विस 15 अगस्त, 2027 को शुरू होगी। ये अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का पहला चरण होगा। पहले चरण के तहत, गुजरात के सूरत से बिलिमोरा के बीच 15 अगस्त, 2027 को बुलेट ट्रेन की यात्रा शुरू होगी। रेल मंत्री के मुताबिक, सूरत से बिलिमोरा के बाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का दूसरा चरण सूरत से लेकर वापी तक होगा।

508 किमी होगी अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन रूट की कुल लंबाई

अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तीसरे चरण में बुलेट ट्रेन सर्विस सूरत से लेकर अहमदाबाद तक शुरू हो जाएगी। चौथे चरण में बुलेट ट्रेन सर्विस महाराष्ट्र के ठाणे तक और फिर 5वें और आखिरी चरण में ये अहमदाबाद से मुंबई तक पूरी तरह से शुरू हो जाएगी। हालांकि, देश के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को पूरी तरह से शुरू होने में कई सालों का समय लग सकता है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के मुताबिक, देश के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 508 किमी होगी। जिसका 348 किमी हिस्सा गुजरात में, 156 किमी हिस्सा महाराष्ट्र में और 4 किमी हिस्सा दादरा और नगर हवेली में होगा।

अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन रूट पर होंगे ये 12 स्टेशन

अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन रूट पर कुल 12 स्टेशन होंगे। इस रूट का पहला स्टेशन गुजरात का साबरमती होगा और आखिरी स्टेशन महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई होगी। गुजरात के साबरमती से शुरू होने के बाद इसका अगला स्टेशन अहमदाबाद होगा। अहमदाबाद से निकलकर ये ट्रेन आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोइसर, विरार, ठाणे और आखिर में मुंबई पहुंचेगी। देश के पहले बुलेट ट्रेन रूट पर चलने वाली ट्रेनें 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी और 508 किमी का सफर सिर्फ 2 घंटे और 7 मिनट में पूरा करेंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा