Festival special train: त्योहारों के सीजन में रेलवे यात्रियों को एक और तोहफा देने जा रहा है। दिवाली और छठ के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन के बीच फेस्टिवल स्पेशल बाय-वीकली एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन हफ्ते में दो दिन चलेगी, जिससे दिल्ली और प्रयागराज के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
ट्रेन का शेड्यूल और टाइमिंग
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04123 प्रयागराज जंक्शन से हजरत निजामुद्दीन के बीच तुरंत प्रभाव से 2 नवंबर 2025 तक हर बुधवार और रविवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन प्रयागराज से दोपहर 2:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:35 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04124 हजरत निजामुद्दीन से प्रयागराज के लिए तुरंत प्रभाव से 3 नवंबर 2025 तक हर गुरुवार और सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन दोपहर 3:45 बजे दिल्ली से चलेगी और अगले दिन सुबह 9:10 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। दोनों ही ट्रेनें कुल 6-6 ट्रिप करेंगी।
स्टॉपेज और रूट की जानकारी
यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों को कई प्रमुख स्टेशनों पर रोका जाएगा। ट्रेनें शंकरगढ़, दभरुआ, माणिकपुर जंक्शन, चित्रकूटधाम करवी, अतर्रा, बांदा, महोबा जंक्शन, कुलपहाड़, हरपालपुर, मऊ रनिपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी), ग्वालियर जंक्शन, धौलपुर जंक्शन, आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन और कोसीकलां स्टेशन पर ठहरेंगी।
AC, स्लीपर और जनरल कोच
इस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल क्लास की व्यवस्था की गई है ताकि हर वर्ग के यात्री आरामदायक यात्रा कर सकें। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज की पूरी जानकारी रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर प्राप्त करें या www.enquiry.indianrail.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपडेटेड टाइमटेबल चेक करें।
नहीं मिलेगी प्लेटफॉर्म टिकट
त्योहारों के समय बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली-NCR के मुख्य रेलवे स्टेशनों पर 15 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक प्लेटफॉर्म टिकट अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इसमें हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन भी शामिल है। रेलवे के इस फैसले से स्टेशन पर आने वाले लोगों की संख्या को कंट्रोल करना आसान होगा और भीड़ के कारण होने वाली परेशानियों और दुर्घटनाओं को कम किया जा सकेगा। प्लेटफॉर्म टिकट बंद करने का मकसद दिवाली-छठ के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सुनिश्चित करना है।
Latest Business News