A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Silver Price: हफ्ते भर में ₹13000 महंगी हुई चांदी, सोना भी ₹3500 चढ़ा; जानिए क्या है ताजा भाव

Gold Silver Price: हफ्ते भर में ₹13000 महंगी हुई चांदी, सोना भी ₹3500 चढ़ा; जानिए क्या है ताजा भाव

अमेरिका-ईरान के बीच तनाव में कमी की खबरों के बीच सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। बीते हफ्ते निवेशकों ने सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) के रूप में गोल्ड और सिल्वर में जमकर खरीदारी की, जिससे दोनों धातुओं के दाम तेजी से बढ़े हैं।

हफ्ते में सोना-चांदी...- India TV Hindi
Image Source : CANVA हफ्ते में सोना-चांदी की कीतमें चढ़ी

वैश्विक बाजार में बदलते हालात के बीच सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। बीते एक हफ्ते में जहां चांदी करीब ₹13,000 प्रति किलो महंगी हो गई, वहीं सोने के दाम में भी करीब ₹3,000-₹3,500 का उछाल आया है। निवेशकों के बीच बढ़ती खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों ने इन कीमती धातुओं को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना ₹1,52,690 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ, जो पिछले हफ्ते के मुकाबले करीब ₹3,000 से ज्यादा की तेजी दर्शाता है। वहीं चांदी ₹2,43,274 प्रति किलो पर पहुंच गई, जिसमें लगभग ₹13,000 का बड़ा उछाल देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी यही रुझान रहा। COMEX पर सोना $4,787 प्रति ट्रॉय औंस और चांदी $76.48 प्रति ट्रॉय औंस के स्तर पर बंद हुई।

क्यों बढ़े सोना-चांदी के दाम?

विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जैसे हालात में कमी आने और सीजफायर की बातचीत शुरू होने से बाजार में स्थिरता की उम्मीद बढ़ी है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई और अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ। डॉलर के कमजोर होने का सीधा फायदा सोने-चांदी को मिलता है, क्योंकि यह निवेशकों के लिए ज्यादा आकर्षक बन जाते हैं।

फेड रेट कट की उम्मीद ने बढ़ाई चमक

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद अमेरिका में महंगाई को लेकर चिंता कम हुई है। इससे यह उम्मीद बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व आने वाले समय में ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। जब ब्याज दरें कम होती हैं, तो सोने-चांदी जैसे निवेश ज्यादा फायदेमंद माने जाते हैं, जिससे इनकी मांग बढ़ जाती है।

चांदी ने मारी बाजी

इस बार चांदी की तेजी सोने से भी ज्यादा रही। हफ्तेभर में लगभग 4.8% की बढ़त के साथ चांदी ने निवेशकों को बेहतर रिटर्न दिया। औद्योगिक मांग और निवेश दोनों के चलते सिल्वर में तेजी बनी हुई है।

आगे क्या रहेगा रुझान?

बाजार के जानकारों का मानना है कि फिलहाल सोना-चांदी की कीमतों में तेजी बनी रह सकती है, लेकिन यह काफी हद तक अमेरिका-ईरान के बीच हालात और फेड के फैसलों पर निर्भर करेगा। अगर भू-राजनीतिक तनाव फिर बढ़ता है या डॉलर और कमजोर होता है, तो सोने-चांदी की कीमतें और ऊपर जा सकती हैं।

Latest Business News