1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Stock Market Closing: हरे निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, बैंकिंग सेक्टर बना हीरो; फार्मा शेयरों ने किया निराश

Stock Market Closing: हरे निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, बैंकिंग सेक्टर बना हीरो; फार्मा शेयरों ने किया निराश

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। पूरे दिन बाजार में सकारात्मक माहौल देखने को मिला और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी ने बाजार को मजबूती दी। हालांकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर चिंता की वजह से बाजार की तेजी सीमित रही।

शेयर बाजार हरे निशान...- India TV Hindi
Image Source : CANVA शेयर बाजार हरे निशान पर बंद

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार (Indian Stock Market) ने निवेशकों के चेहरों पर थोड़ी मुस्कान बिखेरी। सुबह से ही बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच क्लोजिंग बेल बजने तक बुल्स अपना दबदबा बनाए रखने में कामयाब रहे। बैंकिंग सेक्टर के दिग्गजों की अगुवाई में बाजार आखिरकार शानदार हरे निशान पर बंद हुआ।

सत्र के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का मुख्य सूचकांक सेंसेक्स 232 अंक (0.31%) की बढ़त के साथ 75,415.35 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 50 भी 65 अंक (0.27%) की मजबूती दिखाते हुए 23,719.30 के स्तर पर सेटल हुआ।

बैंकिंग हैवीवेट्स बने मार्केट के 'असली हीरो'

आज के कारोबार की सबसे बड़ी ताकत बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर्स के शेयर रहे। बैंकिंग दिग्गजों में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली, जिसने सूचकांकों को नीचे गिरने से बचा लिया। निफ्टी बैंक को मजबूती देने मेंआईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक जैसे बड़ी कंपनी का सबसे बड़ा योगदान रहा। इन शेयरों में आई तेजी के दम पर ही बाजार ने आखिरी घंटों में अपनी बढ़त को और मजबूत किया।

फार्मा और एफएमसीजी शेयरों ने किया निराश

एक तरफ जहां बैंकिंग शेयरों ने बाजार को संभाला, वहीं दूसरी ओर हेल्थकेयर और फार्मास्युटिकल सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा गया। सन फार्मा और सिप्ला जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में आई सुस्ती ने निफ्टी की रफ्तार को कुछ धीमा किया। इसके अलावा आईटी और एफएमसीजी शेयरों में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला।

डॉलर के मुकाबले रुपया 63 पैसे उछला

शेयर बाजार की मजबूती के बीच करेंसी मार्केट से भी देश के लिए एक बेहद अच्छी खबर आई। शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 63 पैसे की भारी मजबूती के साथ 95.73 के स्तर पर बंद हुआ। घरेलू इक्विटी बाजार में सकारात्मक रुख और विदेशी फंड्स के सपोर्ट से रुपये को इस शानदार रिकवरी में काफी मदद मिली।

Latest Business News