1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. GST कलेक्शन में 23% की जोरदार उछाल, अक्टूबर में सरकार के खाते में आए 2.31 लाख करोड़ रुपये

GST कलेक्शन में 23% की जोरदार उछाल, अक्टूबर में सरकार के खाते में आए 2.31 लाख करोड़ रुपये

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में घरेलू बिक्री से होने वाला जीएसटी कलेक्शन 16 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा।

gst, gst collection, gross gst collection, gst refund, goods and services tax- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK GST कलेक्शन में 23% की जोरदार उछाल

भारत के जीएसटी कलेक्शन में 23 प्रतिशत की जोरदार तेजी देखने को मिली है। अक्टूबर 2026 में देश का कुल GST (गुड्स एंड सर्विस टैक्स) कलेक्शन सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। घरेलू गतिविधियों और आयात से होने वाले रेवेन्यू में जबरदस्त बढ़ोतरी के चलते जीएसटी कलेक्शन में ये भारी उछाल दर्ज किया गया है। सरकार की ओर से रविवार को जारी किए गए आंकड़ों में ये जानकारी दी गई।

अक्टूबर में घरेलू बिक्री से होने वाला जीएसटी कलेक्शन 16 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये पर

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में घरेलू बिक्री से होने वाला जीएसटी कलेक्शन 16 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। जबकि, इंपोर्ट से प्राप्त राजस्व में 42 प्रतिशत की भारी-भरकम बढ़ोतरी दर्ज की गई और ये बढ़कर 72,246 करोड़ रुपये हो गया। अक्टूबर के कुल जीएसटी कलेक्शन में सेंट्रल जीएसटी (CGST) का योगदान 42,935 करोड़ रुपये, स्टेट जीएसटी (SGST) का 51,340 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड जीएसटी (IGST) का योगदान 1.37 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। 

जीएसटी रिफंड सालाना आधार पर 6.5 प्रतिशत बढ़कर 27,934 करोड़ रुपये हुआ

हालांकि, अक्टूबर में जीएसटी रिफंड भी सालाना आधार पर 6.5 प्रतिशत बढ़कर 27,934 करोड़ रुपये हो गया। रिफंड के साथ एडजस्टमेंट के बाद अक्टूबर में नेट जीएसटी कलेक्शन 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2.03 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 13.2 प्रतिशत बढ़कर 14.77 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। वहीं, इस दौरान नेट जीएसटी कलेक्शन 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 12.69 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा है।

सितंबर 2026 में 14.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2.03 लाख करोड़ दर्ज किया गया था जीएसटी कलेक्शन

बताते चलें कि सितंबर 2026 में देश का जीएसटी कलेक्शन 14.7 प्रतिशत बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा दर्ज किया गया था। ये सितंबर 2025 की तुलना में 14.7 प्रतिशत ज्यादा था। सितंबर में जीएसटी रिफंड 3 प्रतिशत घटकर 27,001 करोड़ रुपये रहा। रिफंड को हटाने के बाद सितंबर में नेट जीएसटी कलेक्शन 18.1 प्रतिशत बढ़कर 1.76 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। 

ये भी पढ़ें

सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों को दूसरी तिमाही में ₹30,106 करोड़ का मुनाफा, 3 गुना हुआ इंडियन ऑयल का प्रॉफिट

Latest Business News