1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. GST कलेक्शन से सरकार के खाते में आए ₹2.03 लाख करोड़, सितंबर में 15 प्रतिशत बढ़ा संग्रह

GST कलेक्शन से सरकार के खाते में आए ₹2.03 लाख करोड़, सितंबर में 15 प्रतिशत बढ़ा संग्रह

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 01, 2026 06:07 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 06:07 pm IST

चालू वित्त वर्ष में ये तीसरा महीना है, जब ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 2,00,000 करोड़ रुपये के पार रहा है।

gst, gst collection, gross gst collection, gst refund, goods and services tax- India TV Hindi
सितंबर में 2.03 लाख करोड़ रुपये का हुआ जीएसटी कलेक्शन Image Source : GST CHENNAI

ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन सितंबर में सालाना आधार पर 14.7 प्रतिशत बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। घरेलू खपत और आयात से होने वाले राजस्व में मजबूत बढ़ोतरी के कारण जीएसटी कलेक्शन में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, सितंबर में जीएसटी रिफंड 3 प्रतिशत घटकर 27,001 करोड़ रुपये रहा। रिफंड को हटाने के बाद सितंबर में नेट जीएसटी कलेक्शन 18.1 प्रतिशत बढ़कर 1.76 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। 

अप्रैल में 2.43 लाख करोड़ रुपये रहा था जीएसटी कलेक्शन

घरेलू गतिविधियों से सकल जीएसटी संग्रह 10.1 प्रतिशत बढ़कर करीब 1.38 लाख करोड़ रुपये, जबकि आयात से प्राप्त राजस्व 26 प्रतिशत बढ़कर 65,525 करोड़ रुपये रहा। चालू वित्त वर्ष में ये तीसरा महीना है, जब ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 2,00,000 करोड़ रुपये के पार रहा है। इससे पहले अप्रैल में जीएसटी कलेक्शन करीब 2.43 लाख करोड़ रुपये और जुलाई में 2.11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। 

वित्त वर्ष की पहली छमाही में 11.6 प्रतिशत बढ़ा जीएसटी कलेक्शन

वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 11.6 प्रतिशत बढ़कर 12.46 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। इस दौरान नेट कलेक्शन 10.4 प्रतिशत बढ़कर 10.66 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया। 

वैश्विक दबाव के बावजूद मजबूत बनी हुई है घरेलू मांग 

ईवाई इंडिया के टैक्स पार्टनर सौरभ अग्रवाल ने कहा कि ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन का 2 लाख करोड़ रुपये के लेवल को पार करना और इसमें करीब 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी से पता चलता है कि वैश्विक दबाव के बावजूद घरेलू मांग मजबूत बनी हुई है। 

उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात और कर्नाटक में 18% तक बढ़ा कलेक्शन

उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात और कर्नाटक में जीएसटी कलेक्शन में 16 से 18 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। इनके अलावा, असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में भी शानदार बढ़ोतरी हुई है, जो देशभर में व्यापक आर्थिक विकास का संकेत देती है। 

विनिर्माण और खपत में मजबूती 

टैक्स कनेक्ट एडवाइजरी सर्विसेज एलएलपी के पार्टनर विवेक जालान ने कहा, ''जीएसटी कलेक्शन में दर्ज बढ़ोतरी विनिर्माण और खपत की मजबूती को दर्शाती है। हालांकि, रिफंड में कमी इस बात का संकेत है कि विभाग संभवत: भुगतान रोक रहा है। कारोबारियों के पास नकदी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस पर नजर रखने की जरूरत है।'' 

ये भी पढ़ें

3 अक्टूबर से शुरू होगी उदयपुर-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस, चेक करें पूरा रूट और टाइम टेबल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।