गर्मी की छुट्टियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है। इस बार हवाई सफर आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। बढ़ती ईंधन कीमतों और वैश्विक तनाव के चलते एयरलाइंस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में फ्लाइट टिकट महंगे हो सकते हैं। इससे समर वेकेशन का बजट बिगड़ने की आशंका बढ़ गई है।
इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रैवल पोर्टल्स पर दिख रहे किरायों में दिल्ली से कोलंबो की एक तरफ की फ्लाइट का किराया ₹1 लाख से ऊपर पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली से बाली के लिए भी टिकट करीब ₹34,000 के आसपास मिल रही है। ये कीमतें बताती हैं कि छुट्टियों के सीजन में हवाई सफर पहले से काफी महंगा हो चुका है।
ईंधन महंगा, बढ़ेगा किराया
एयरलाइंस कंपनियों का कहना है कि 1 अप्रैल से जेट फ्यूल की कीमतों में बड़ा इजाफा होने की संभावना है। ईंधन की लागत एयरलाइंस के खर्च का बड़ा हिस्सा होती है, ऐसे में इसका सीधा असर टिकट की कीमतों पर पड़ता है। इंडिगो ने भी चेतावनी दी है कि बढ़ती लागत के कारण किराए में बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है।
मिडिल ईस्ट तनाव का असर
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण तेल की कीमतों में उछाल आया है। इसका असर सिर्फ एयरलाइंस ही नहीं, बल्कि पूरे ट्रैवल सेक्टर पर पड़ रहा है। विदेशी यात्रा के किराए घरेलू रूट्स की तुलना में ज्यादा तेजी से बढ़ रहे हैं।
कितना बढ़ा किराया?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, घरेलू उड़ानों के किराए में 5-10% तक बढ़ोतरी और शॉर्ट-हॉल इंटरनेशनल फ्लाइट्स में 20-30% तक उछाल है। इसका असर टूर पैकेज पर भी पड़ा है, जिनकी कीमतें 10-25% तक बढ़ गई हैं।
ट्रैवल प्लानिंग में बदलाव
बढ़ती कीमतों के कारण लोग अब यात्रा को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं। कई यात्री आखिरी समय में टिकट बुक कर रहे हैं और फ्लेक्सिबल ऑप्शन चुन रहे हैं। इसके अलावा, लोग उन जगहों से बच रहे हैं जहां राजनीतिक या सुरक्षा से जुड़ी अनिश्चितता है।
यात्रियों के लिए सलाह
अगर आप इस समर वेकेशन में यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो पहले से टिकट बुक करना बेहतर रहेगा। साथ ही बजट को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं, ताकि अचानक बढ़े खर्च से बचा जा सके।
Latest Business News