1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अब अनंतनाग में भी रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, उमर अब्दुल्ला के साथ मुलाकात के बाद अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा

अब अनंतनाग में भी रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, उमर अब्दुल्ला के साथ मुलाकात के बाद अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा

रीजनल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ मुलाकात की।

vande bharat express, jammu tawi-srinagar vande bharat express, anantnag, indian railways- India TV Hindi
Image Source : PTI वंदे भारत एक्सप्रेस

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का अनंतनाग में कमर्शियल स्टॉपेज शुरू करने की घोषणा की। जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन फिलहाल अपनी यात्रा में शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर), श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा, रियासी और बनिहाल रेलवे स्टेशनों पर रुकती है। अब ये प्रीमियम ट्रेन बनिहाल से निकलने के बाद अनंतनाग रेलवे स्टेशन पर रुकते हुए श्रीनगर पहुंचेगी। बताते चलें कि जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस विश्व के सबसे ऊंचे रेल ब्रिज- चिनाब ब्रिज से होकर गुजरती है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ मुलाकात में लिया गया फैसला

रीजनल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात में जम्मू-कश्मीर में आर्थिक विकास को गति देने के उद्देश्य से चल रही और आने वाले नए रेल प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की गई। इस मुलाकात के दौरान, जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का अनंतनाग में कमर्शियल स्टॉपेज शुरू करने का फैसला लिया गया। ये रणनीतिक ठहराव दैनिक यात्रियों, पर्यटकों और व्यापारियों को महत्वपूर्ण रूप से फायदा पहुंचाएगा, जिससे कश्मीर के सबसे प्रमुख आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्रों में से एक अनंतनाग के लिए एक तेज, ज्यादा सुविधाजनक और भरोसेमंद ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

उमर अब्दुल्ला ने की वंदे भारत की भूमिका की तारीफ

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रेल मंत्री के इस फैसले की सराहना की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वंदे भारत ने जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा को पूरी तरह से एक नया रूप दिया है, जिससे यात्रा के समय में कमी आई है और स्थानीय लोगों और सैलानियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिली हैं।

रेलवे नेटवर्क ने जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को दिया बूस्ट

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर की स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में रेल नेटवर्क की बढ़ती और महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया। रेलवे नेटवर्क के माध्यम से क्षेत्र के आवश्यक माल- विशेष रूप से क्षेत्र के प्रसिद्ध चेरी, सेब और सीमेंट की सुचारू और मजबूत आवाजाही ने लॉजिस्टिक्स को बड़े पैमाने पर सुव्यवस्थित किया है, परिवहन लागत को कम किया है और स्थानीय किसानों और कारोबारियों के लिए बड़े बाजार खोले हैं।

ये भी पढ़ें-

यूपी से मध्य प्रदेश और गुजरात के लिए चलेंगी 2 नई स्पेशल ट्रेनें- चेक करें रूट, टाइमिंग्स और बाकी जरूरी डिटेल्स

Latest Business News