1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. यूपी से मध्य प्रदेश और गुजरात के लिए चलेंगी 2 नई स्पेशल ट्रेनें- चेक करें रूट, टाइमिंग्स और बाकी जरूरी डिटेल्स

यूपी से मध्य प्रदेश और गुजरात के लिए चलेंगी 2 नई स्पेशल ट्रेनें- चेक करें रूट, टाइमिंग्स और बाकी जरूरी डिटेल्स

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 06, 2026 04:27 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 04:27 pm IST

प्रयागराज के सूबेदारगंज से इंदौर के लिए चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन 15 जून से लेकर 28 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सेवाएं देगी।

indian railways, special trains, prayagraj-udhna special train, subedarganj-indore special train- India TV Hindi
भारतीय रेल Image Source : SOUTHERN RAILWAY

Indian Railways Special Trains: भारतीय रेल के उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधाजनक रेल यात्रा के लिए दो नई स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ये स्पेशल ट्रेनें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से मध्य प्रदेश के इंदौर और गुजरात के उधना तक चलाई जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने इन दोनों स्पेशल ट्रेनों से जुड़ी सारी अहम जानकारियां साझा की हैं।

सूबेदारगंज–इंदौर स्पेशल ट्रेन

प्रयागराज के सूबेदारगंज से इंदौर के लिए चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन 15 जून से लेकर 28 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सेवाएं देगी। इसी तरह, इंदौर से सूबेदारगंज तक चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन 16 जून से 29 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को सेवाएं देगी। इस स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी का 1, स्लीपर क्लास के 8, जनरल क्लास के 8 और SLRD के 2 डिब्बे समेत कुल 19 डिब्बे होंगे।

ट्रेन नंबर- 04169, सूबेदारगंज–इंदौर स्पेशल ट्रेन 15 जून से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सुबह 05.00 बजे सूबेदारगंज से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 04.55 बजे इंदौर पहुंचेगी। इसी तरह, वापसी में ट्रेन नंबर- 04170, इंदौर-सूबेदारगंज स्पेशल ट्रेन 16 जून से प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को रात 20.30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात को 20.00 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।

सूबेदारगंज और इंदौर के बीच चलने वाली ये स्पेशल ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, भिंड, सोनी, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, रुठियाई जंक्शन, मक्सी, उज्जैन और फतेहाबाद चंद्रावतीगंज रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

प्रयागराज–उधना स्पेशल ट्रेन

प्रयागराज से उधना के लिए चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन 11 जून से लेकर 30 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को सेवाएं देगी। इसी तरह, उधना से प्रयागराज तक चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन 12 जून से 31 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सेवाएं देगी। इस स्पेशल ट्रेन में सेकेंड एसी का 1, थर्ड एसी के 4, स्लीपर क्लास के 9, जनरल क्लास के 8 और SLRD के 2 डिब्बे समेत कुल 24 डिब्बे होंगे।

ट्रेन नंबर- 04105, प्रयागराज–उधना स्पेशल ट्रेन 11 जून से प्रत्येक गुरुवार और रविवार को शाम 19.00 बजे प्रयागराज से प्रस्थान करेगी और अगले दिन, रात 20.50 बजे उधना पहुंचेगी। इसी तरह, वापसी में ट्रेन नंबर- 04106, उधना-प्रयागराज स्पेशल ट्रेन 12 जून से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को रात 23.25 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन, सुबह 05.10 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

प्रयागराज और उधना के बीच चलने वाली ये स्पेशल ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, भिंड, सोनी, ग्वालियर, गुना, रुठियाई जंक्शन, मक्सी, उज्जैन, नागदा, रतलाम, गोधरा, छायापुरी और भरूच रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा