बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की जमुई पीड़िता के परिवार के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के एक स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने सम्राट चौधरी की पीड़ित परिवार के साथ मुलाकात से जुड़ी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी।
स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद के साथ-साथ पोस्ट को वायरल करने वाले अन्य व्यक्तियों/सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। वहीं, सम्राट चौधरी के खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराने पहुंचीं RJD सांसद मीसा भारती ने कहा कि प्रशासन मुझे टहला रहा है और मेरी कंप्लेंट नहीं ले रहा है।
BJP का मीसा भारती पर वार
उधर, भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने मीसा भारती को जवाब देते हुए कहा, ''जंगलराज के जनक लालू यादव की बेटी को किसने यह अधिकार दिया कि वह पीड़िता का फोटो सार्वजनिक करे। माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जिस स्टाफ ने ऐसा किया था उसे नौकरी से निकाल दिया गया है। जैसे ही मुख्यमंत्री जी के संज्ञान में आया सीएमओ के उस कर्मचारी पर FIR करवाई गई लेकिन मीसा भारती को दोबारा उस तस्वीर को पब्लिश करने का अधिकार किसने दिया? क्या उन पर मुकदमा नहीं होना चाहिए?''
'मेरी बेटी गिड़गिड़ाई, अब दोषियों को गिड़गिड़ाना चाहिए'
बिहार के जमुई में यौन उत्पीड़न का शिकार हुई बच्ची के माता-पिता ने गुरुवार को सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की थी। पीड़िता के माता पिता का कहना है कि जिन लोगों ने हमारी बेटी को परेशान किया और उस पर हमला किया उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषियों को भी उसी भय और पीड़ा का सामना करना चाहिए जो उन्होंने नाबालिग बच्ची को दी है।
अपनी बेटी के साथ हुए दर्दनाक हादसे को याद करते हुए मां ने बताया कि 'मेरी बेटी के साथ जो हुआ, वो किसी और के साथ नहीं होना चाहिए। मेरी बेटी गिड़गिड़ा रही थी। उन अपराधियों को भी अब गिड़गिड़ाना चाहिए। ऐसे अपराधियों में डर पैदा करने के लिए कुछ न कुछ किया जाना चाहिए।'
'CM ने परिवार को बेटी की सुरक्षा और शिक्षा का दिया आश्वासन'
पीड़िता की मां ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परिवार को उनकी बेटी की सुरक्षा और शिक्षा का आश्वासन दिया था। उन्होंने परिवार को हर सुविधा और सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि हमारी बेटी उनकी बेटी जैसी है और हमें न्याय दिलाने का पूरा भरोसा दिलाया है।
कोचिंग से लौटते वक्त हुई घटना
बता दें कि ये घटना 19 सितंबर को तब घटी जब दोनों नाबालिग कोचिंग क्लास से लौट रहे थे। घटना का एक वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी कार्रवाई
जमुई में हुई इस घटना के मामले में SIT ने जांच तेज कर दी है। पुलिस के आला अधिकारियों ने उस जगह का जायजा लिया जिस जगह पर नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त को हैरेस किया गया। वहीं नाबालिग का वीडियो वायरल करने को लेकर भी एक्शन लिया जा रहा है। पुलिस ने 120 सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। 13 फेसबुक अकाउंट्स, 12 इंस्टाग्राम और 7 ट्विटर हैंडल्स की पहचान की है जिससे नाबालिग के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल किया गया।
यह भी पढ़ें-