1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. Jio IPO को लेकर संस्थागत निवेशकों में जबरदस्त क्रेज, ₹8110 करोड़ की एंकर बुक पर लगीं ₹2.5 लाख करोड़ की बोलियां

Jio IPO को लेकर संस्थागत निवेशकों में जबरदस्त क्रेज, ₹8110 करोड़ की एंकर बुक पर लगीं ₹2.5 लाख करोड़ की बोलियां

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को लेकर बाजार में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शेयर बाजार में लिस्टिंग से पहले ही कंपनी की एंकर बुक पर संस्थागत निवेशकों ने करीब ₹2.5 लाख करोड़ की बोलियां लगाई हैं।

जियो IPO को लेकर क्रेज- India TV Hindi
Image Source : ANI जियो IPO को लेकर क्रेज

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को लेकर बाजार में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शेयर बाजार में लिस्टिंग से पहले ही देश-विदेश के बड़े संस्थागत निवेशकों ने इस आईपीओ में भारी दिलचस्पी दिखाई है। कंपनी की 8,110 करोड़ रुपये की एंकर बुक के लिए करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये की बोलियां मिली हैं। यानी उपलब्ध रकम के मुकाबले 30 गुना से ज्यादा मांग दर्ज की गई है। इससे जियो के कारोबार और उसके प्रस्तावित आईपीओ को लेकर निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी का पता चलता है।

30 गुना से ज्यादा मांग

जियो प्लेटफॉर्म्स की एंकर बुक में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने बोली लगाई है। इनमें ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, टी. रो प्राइस, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट, फ्रैंकलिन टेम्पलटन और इनवेस्को जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा सिंगापुर के जीआईसी, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और नॉर्वे के नॉर्जेस बैंक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट जैसे सरकारी निवेश संस्थानों ने भी दिलचस्पी दिखाई है। भारतीय संस्थानों में एसबीआई म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड और कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी शामिल हैं। एलआईसी, एचडीएफसी लाइफ और एसबीआई लाइफ जैसी बीमा कंपनियों ने भी बोलियां लगाई हैं।

21 अक्टूबर को खुलेगा जियो का आईपीओ

जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसके लिए शेयर का प्राइस बैंड 1,065 रुपये से 1,119 रुपये तय किया गया है। इस इश्यू में अधिकतम 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का संभावित मूल्यांकन करीब 108 अरब डॉलर रहने की उम्मीद है। यह आईपीओ भारत के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल हो सकता है।

क्या करती है जियो प्लेटफॉर्म्स?

जियो प्लेटफॉर्म्स मोबाइल कनेक्टिविटी के अलावा ब्रॉडबैंड, डिजिटल मनोरंजन, क्लाउड और एंटरप्राइज सेवाओं में भी काम करती है। जून 2026 तक कंपनी के ग्राहकों की संख्या 53.33 करोड़ थी। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, भारत के कुल डेटा ट्रैफिक में इसकी हिस्सेदारी करीब 60% है। आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कुछ हद तक टेलीकॉम सब्सिडियरी का कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- Jio IPO बन सकता है भारत की डिजिटल ग्रोथ का नया चेहरा, 5G, हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड और AI पर टिका कंपनी का भविष्य

Latest Business News