1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. Jio Platforms IPO: पहले दिन 59 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए लगी बोली, 3 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू

Jio Platforms IPO: पहले दिन 59 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए लगी बोली, 3 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू

Jio Platforms के IPO को पहले ही दिन निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। 21 अक्टूबर को यह इश्यू करीब 3 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो गया। कंपनी के IPO में 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 59.12 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।

जियो आईपीओ के पहले दिन...- India TV Hindi
Image Source : ANI / CANVA जियो आईपीओ के पहले दिन का प्रदर्शन

जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को पहले ही दिन निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। बुधवार, 21 अक्टूबर को इश्यू खुलने के बाद निवेशकों ने इसमें जमकर दिलचस्पी दिखाई। पहले कारोबारी आईपीओ 3 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका था। इस दौरान 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 59.12 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। सबसे ज्यादा उत्साह बड़े संस्थागत निवेशकों में देखने को मिला, जबकि रिटेल निवेशकों की भागीदारी थोड़ी धीमी रही। 

पहले दिन करीब 3 गुना सब्सक्राइब हुआ IPO

जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को पहले दिन कुल 3.01 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। यानी निवेशकों ने ऑफर में उपलब्ध शेयरों के मुकाबले लगभग तीन गुना शेयरों के लिए बोली लगाई। कैटेगरी के हिसाब से देखें तो क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 9 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) की कैटेगरी में 1.58 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा 1.30 गुना और शेयरधारकों का हिस्सा 1.38 गुना सब्सक्राइब हुआ। दूसरी ओर, रिटेल निवेशकों का हिस्सा पहले दिन पूरी तरह नहीं भर पाया और इसमें 0.68 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

घरेलू संस्थागत निवेशकों ने विदेशी निवेशकों को पछाड़ा

जियो आईपीओ में घरेलू वित्तीय संस्थानों ने विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) के मुकाबले ज्यादा बोलियां लगाईं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू वित्तीय संस्थानों ने 25.02 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई, जबकि विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से 14.99 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इसके अलावा, म्यूचुअल फंड्स ने 3.10 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई। इससे साफ है कि पहले दिन संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी इस इश्यू में काफी मजबूत रही।

रिटेल निवेशकों की भागीदारी पर नजर

जहां बड़े निवेशकों ने जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, वहीं आम निवेशकों की कैटेगरी में अभी पूरी मांग नहीं आई। पहले दिन रिटेल हिस्सा सिर्फ 0.68 गुना सब्सक्राइब हुआ। हालांकि, IPO में आवेदन करने के लिए निवेशकों के पास अभी और समय है।

23 अक्टूबर तक खुला रहेगा इश्यू

जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 23 अक्टूबर 2026 तक खुला रहेगा। ऐसे में अगले कारोबारी दिनों में सब्सक्रिप्शन के आंकड़ों में बदलाव हो सकता है। निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि रिटेल कैटेगरी में मांग कितनी बढ़ती है और इश्यू को कुल कितनी बोलियां मिलती हैं।

Disclaimer: यह न्यूज सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।

यह भी पढ़ें- क्या निवेशकों के लिए कमाई का बड़ा मौका है Jio का IPO? अप्लाई करने से पहले जान लें बड़ी वजहें

Latest Business News