देश के सबसे बड़े IPO में शामिल जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों को खरीदने के लिए निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कंपनी के 30,213 करोड़ रुपये के IPO पर तीसरे दिन भी जमकर बोलियां लग रही हैं। खास बात यह है कि बड़े संस्थागत निवेशकों ने इस इश्यू में सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है। 23 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक IPO को कुल 6 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिल चुका था। निवेशकों ने ऑफर पर रखे गए शेयरों के मुकाबले कई गुना ज्यादा शेयरों के लिए बोली लगाई है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ को तीसरे दिन सुबह 10 बजे तक 6.03 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। निवेशकों ने करीब 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 119 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां लगाईं। इससे इस इश्यू को लेकर बाजार में मजबूत मांग का पता चलता है।
QIB निवेशकों ने 13 गुना से ज्यादा लगाई बोली
इस IPO में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) की कैटेगरी सबसे आगे रही। इस हिस्से को 13.31 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। QIB निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित करीब 4.90 करोड़ शेयरों के मुकाबले 65.57 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई। वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NIIs) की कैटेगरी में 7.41 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया। इस वर्ग के निवेशकों ने 3.64 करोड़ शेयरों के मुकाबले 27.02 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगाईं।
रिटेल निवेशकों ने भी दिखाई दिलचस्पी
रिटेल निवेशकों की कैटेगरी को 1.75 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इस हिस्से के लिए 8.50 करोड़ शेयर आरक्षित थे, जबकि निवेशकों ने 14.86 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई। कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा 2.27 गुना और कंपनी के शेयरधारकों के लिए आरक्षित हिस्सा 4.74 गुना सब्सक्राइब हुआ।
एंकर निवेशकों से जुटाए 8,110 करोड़ रुपये
IPO खुलने से पहले 19 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स ने 212 एंकर निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे। इन निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड पर शेयर आवंटित किए गए। एंकर बुक में उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 30 गुना से ज्यादा मांग आई थी। इसमें ब्लैक रॉक, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, जीआईसी और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी जैसे बड़े निवेशक शामिल थे।
कब होगा शेयरों का अलॉटमेंट और लिस्टिंग?
जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 21 अक्टूबर को खुला था और पहले ही दिन महज 100 मिनट में पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। अब निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर तक होने की उम्मीद है, जबकि शेयर बाजार में लिस्टिंग 28 अक्टूबर को प्रस्तावित है। हालांकि, निवेशकों को अंतिम तारीखों के लिए आधिकारिक अपडेट जरूर देखना चाहिए।
यह भी पढ़ें- आखिर कैसे टेलीकॉम दिग्गजों को पीछे छोड़ नंबर 1 बना Jio, मार्केट में एक बड़ी ताकत बनकर उभरी कंपनी
Latest Business News