A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: त्‍योहारी मांग बढ़ने से सोने में आई 130 रुपए की तेजी, चांदी 200 रुपए टूटी

Gold Rate Today: त्‍योहारी मांग बढ़ने से सोने में आई 130 रुपए की तेजी, चांदी 200 रुपए टूटी

स्थानीय आभूषण कारोबारियों और खुदरा विक्रेताओं की खरीदारी से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 130 रुपए चढ़कर 31,980 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।

gold shop- India TV Hindi
Image Source : GOLD SHOP gold shop

नई दिल्‍ली। कमजोर वैश्विक रुख के बावजूद त्योहारी सीजन की मांग को पूरा करने के मद्देनजर स्थानीय आभूषण कारोबारियों और खुदरा विक्रेताओं की खरीदारी से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 130 रुपए चढ़कर 31,980 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, चांदी में सुस्ती रही और यह 200 रुपए गिरकर 39,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। 

सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि आगामी त्योहारी मांग को देखते हुए सोने के भाव में तेजी रही। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपए के 74.50 रुपए प्रति डॉलर के निम्नतम स्तर पर आने से आयात महंगा हो गया, जिसके चलते भी कीमती धातु को समर्थन मिला। वैश्विक स्तर पर, सिंगापुर में सोना 0.15 प्रतिशत गिरकर 1,193.60 डॉलर प्रति औंस रहा। चांदी 0.14 प्रतिशत गिरकर 14.34 डॉलर प्रति औंस रही। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 130-130 रुपए गिरकर 31,980 रुपए और 31,830 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। बुधवार को सोना 200 रुपए गिरा था। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,600 रुपए प्रति इकाई पर ही टिकी रही। 

वहीं, दूसरी ओर चांदी हाजिर 200 रुपए गिरकर 39,000 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी 180 रुपए बढ़कर 38,470 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 73,000 और 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा के पूर्व स्तर पर रहे। 

Latest Business News