A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: कमजोर मांग से सोना आया 31,000 के करीब, चांदी हुई 40,000 रुपए से सस्‍ती

Gold rate today: कमजोर मांग से सोना आया 31,000 के करीब, चांदी हुई 40,000 रुपए से सस्‍ती

नरम वैश्विक संकेतों तथा कमजोर स्थानीय मांग के कारण आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 25 रुपए और टूटकर 31,090 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

gold buy- India TV Hindi
Image Source : GOLD BUY gold buy

नई दिल्ली। नरम वैश्विक संकेतों तथा कमजोर स्थानीय मांग के कारण आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 25 रुपए और टूटकर 31,090 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी भी औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का निर्माताओं की मांग कम होने से 115 रुपए गिरकर 39,915 रुपए प्रति किलोग्राम के स्‍तर पर आ गई।  

वैश्विक स्तर पर सोना के सात महीने के निचले स्तर पर आ जाने तथा डॉलर के दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच जाने से घरेलू बाजार में भी धारणा प्रभावित हुई। 
अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की आशंका से भी कीमती धातुओं की मांग में गिरावट रही। 

वैश्विक स्तर पर कल न्यूयॉर्क में सोना 0.47 प्रतिशत गिरकर 1,241 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी 0.88 प्रतिशत लुढ़ककर 15.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। कारोबारियों ने कहा कि घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण निर्माताओं की मांग गिरने से भी कीमतों पर दबाव रहा। 

स्थानीय बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 25-25 रुपए गिरकर क्रमश: 31,090 रुपए और 30,940 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए। पिछले चार दिन में यह 535 रुपए गिर चुका है। हालांकि आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए प्रति इकाई पर टिकी रही। 

चांदी हाजिर 115 रुपए टूटकर 39,915 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी भी 220 रुपए की गिरावट के साथ 39,045 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। हालांकि चांदी के सिक्कों में टिकाव रहा। सिक्का लिवाल 74 हजार रुपए तथा सिक्का बिकवाल 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा रहे। 

Latest Business News