A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: कमजोर मांग और सुस्‍त वैश्विक रुख से सोना फिसला, चांदी में आई चमक

Gold rate today: कमजोर मांग और सुस्‍त वैश्विक रुख से सोना फिसला, चांदी में आई चमक

घरेलू आभूषण कारोबारियों की मांग घटने तथा कमजोर वैश्विक रुख से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव 200 रुपए गिरकर 31,350 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

gold- India TV Hindi
gold

नई दिल्ली। घरेलू आभूषण कारोबारियों की मांग घटने तथा कमजोर वैश्विक रुख से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव 200 रुपए गिरकर 31,350 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की छिटपुट लिवाली से चांदी 75 रुपए सुधरकर 39,050 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू आभूषण कारोबारियों की कमजोर मांग के साथ वैश्विक रुख में गिरावट से सोने के भाव में नरम रही। वैश्विक स्तर सिंगापुर में, सोना 0.30 प्रतिशत गिरकर 1,322.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 0.64 प्रतिशत गिरकर 16.26 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। 

राष्ट्रीय राजधानी में, 99.9 प्रतिशत एवं 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 200-200 रुपए की गिरावट के साथ 31,350 रुपए और 31,200 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। कल सोना 60 रुपए गिरा था। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए प्रति इकाई पर टिकी रही। 

वहीं, दूसरी ओर चांदी हाजिर 75 रुपए चढ़कर 39,050 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी 95 रुपए बढ़कर 38,220 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 74,000 रुपए एवं 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा। 

Latest Business News