बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बिकवाली के भारी दबाव के साथ हुई। वैश्विक रुझानों और कॉर्पोरेट जगत की बड़ी हलचलों के बीच दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में खुलकर नीचे खिसक गए। निफ्टी जहां 24,400 के करीब आ गया, वहीं एफएमसीजी और आईटी शेयरों में बिकवाली से बाजार का सेंटिमेंट प्रभावित हुआ।
सुबह 9:23 बजे बीएसई सेंसेक्स 200.87 अंक की गिरावट के साथ 77,953.38 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। दूसरी तरफ, एनएसई निफ्टी 50 भी 60.75 अंक टूटकर 24,410.95 पर आ गया। हालांकि, बाजार में बढ़त वाले शेयरों का दबदबा रहा; करीब 1462 शेयर हरे निशान में, 1331 शेयर लाल निशान में और 166 शेयर बिना किसी बदलाव के कारोबार करते दिखे।
गोदरेज कंज्यूमर में 10% का लोअर सर्किट
आज के कारोबारी सत्र में सबसे बड़ी गिरावट गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (GCPL) में देखने को मिली। कंपनी के शेयर में 10 फीसदी की भारी गिरावट आई और यह फिसलकर ₹922.50 के अपने 52-सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया। इस भारी बिकवाली का मुख्य कारण कंपनी के शीर्ष नेतृत्व में हुआ अचानक बदलाव है। बोर्ड ने कंपनी के मौजूदा ग्लोबल सीएफओ और प्रेसिडेंट (अफ्रीका) आसिफ मलबारी को गोदरेज कंज्यूमर का नया एमडी और सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की है। वह सुधीर सीतापति का स्थान लेंगे, जिन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
Image Source : BSE official websiteसेंसेक्स हीटमैप (12 अगस्त 2026)
सेंसेक्स हीटमैप की स्थिति
सेंसेक्स और निफ्टी के हीटमैप पर नजर डालें तो चुनिंदा बैंकिंग व टेक शेयरों ने बाजार को थामने की कोशिश की, जबकि दिग्गजों में बिकवाली हावी रही। भारतीय स्टेट बैंक 1.27% की मजबूती के साथ टॉप गेनर्स है। टेक महिंद्रा में 1.01% और इटरनल में भी 0.58% का उछाल दर्ज किया गया। इनके अलावा एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक हरे निशान में रहे। वहीं, भारती एयरटेल 0.67% टूटकर ₹1,906.10 पर कारोबार करता दिखा। अल्ट्राटेक सीमेंट 0.51%, कोटक बैंक 0.48% और हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.44% की सुस्ती झेल रहे थे।
सेक्टोरल इंडेक्स का हाल
सुबह के कारोबार में सेक्टोरल स्तर पर मिला-जुला प्रदर्शन रहा। निफ्टी रियल्टी 0.78% टूटकर सबसे ज्यादा नुकसान में रहा। निफ्टी एफएमसीजी 0.58% और निफ्टी आईटी 0.39% गिरकर लाल निशान में बने हुए हैं। केवल निफ्टी एनर्जी (+0.03%) और निफ्टी एमएनसी (+0.07%) में मामूली हरियाली देखी गई।
यह भी पढ़ें- Nifty 50 में होगा बड़ा बदलाव! BSE की होगी एंट्री और Wipro की विदाई, 30 सितंबर से बदल जाएगा इंडेक्स का पूरा गणित
Latest Business News