1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के लिए ब्रोकरेज ने दी 'BUY' रेटिंग, चेक करें टारगेट प्राइस

टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के लिए ब्रोकरेज ने दी 'BUY' रेटिंग, चेक करें टारगेट प्राइस

जियोजीत इंवेस्टमेंट्स का मानना है कि टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के शेयरों में मौजूदा लेवल से 16 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की जा सकती है।

Tata Consumer Products, Tata Consumer Products Share Price, Tata Consumer Products share price targe- India TV Hindi
Image Source : TATA CONSUMER PRODUCTS/ INDIA TV टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के लिए 'BUY' रेटिंग

टाटा ग्रुप की FMCG कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स ने पिछले महीने अपने वित्तीय नतीजे जारी किए थे। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 27.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। जबकि, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 12 प्रतिशत बढ़ा था। जून तिमाही में कंपनी ने 427 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट दर्ज किया। जबकि, पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में ये 410 करोड़ रुपये था। कंपनी के नतीजों और भविष्य की प्लानिंग को ध्यान में रखते हुए ब्रोकरेज फर्म जियोजीत इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड ने टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के शेयरों के लिए 'BUY' रेटिंग दी है।

टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के लिए ब्रोकरेज ने बताया टारगेट प्राइस

जियोजीत इंवेस्टमेंट्स का मानना है कि टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के शेयरों में 1,087 रुपये के मौजूदा लेवल से 16 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की जा सकती है। लिहाजा, ब्रोकरेज फर्म ने टाटा ग्रुप की FMCG कंपनी के शेयरों के लिए 1,256 रुपये का टारगेट दिया है। खबर लिखे जाने के वक्त करीब 02.55 बजे टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के शेयर बीएसई पर 6.25 रुपये (0.58%) की बढ़त के साथ 1,093.00 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। बताते चलें कि बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 1,282.65 रुपये और 52 वीक लो 1,007.20 रुपये है।

जियोजीत इंवेस्टमेंट्स ने क्यों दी खरीदारी की सलाह

ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स ने जून तिमाही के दौरान 14 प्रॉडक्ट लॉन्च किए और हेल्थ एवं वेलनेस, सुविधा और प्रीमियम कैटेगरी में मजबूत इनोवेशन पाइपलाइन पर जोर दिया है। मैनेजमेंट ने खरीदी गई कंपनियों के कामकाज में सुधार पर जोर दिया है। मैनेजमेंट ने FY27 के लिए 50-70bps EBITDA मार्जिन बढ़ने का अपना अनुमान बनाए रखा है, जिसमें प्राइसिंग में बदलाव, ऑपरेटिंग लेवरेज और प्रोडक्टिविटी बढ़ाने की कोशिशों से मदद मिलेगी।

कैपिटल फूड्स और ऑर्गेनिक इंडिया सेगमेंट जबरदस्त ग्रोथ

जियोजीत इंवेस्टमेंट्स ने बताया कि चाय की लागत में अभी 7-10% की बढ़ोतरी हो रही है और अगर महंगाई बनी रहती है, तो कंपनी मार्जिन बचाने के लिए सोच-समझकर कीमतें बढ़ाएगी। Q1FY27 में कैपिटल फूड्स और ऑर्गेनिक इंडिया सेगमेंट में क्रमशः 40% और 27% की जबरदस्त ग्रोथ देखी गई। मैनेजमेंट ने कैपिटल फूड्स और ऑर्गेनिक इंडिया पोर्टफोलियो में 25-30% ग्रोथ हासिल करने के अपने लक्ष्य को दोहराया।

टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के पास हैं दिग्गज ब्रांड्स

बताते चलें कि टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के पास टाटा नमक, टाटा चाय, टाटा संपन्न, चिंग्स चाइनीज, स्मिथ एंड जोन्स, टेटले चाय, ऑर्गैनिक इंडिया, हिमालयन, स्टारबक्स, टाटा कॉफी, टाटा कॉपर+ पानी, टाटा सिंप्ली बेटर कुकिंग ऑयल, टाटा सोलफुल जैसे बड़े और दिग्गज ब्रांड्स हैं। टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स के सामान देश के निम्न वर्गों से लेकर उच्च वर्ग तक के परिवारों में इस्तेमाल होता है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

ये भी पढ़ें

शिपरॉकेट आईपीओ 12 अगस्त को खुलेगा, कंपनी ने फिक्स किया प्राइस बैंड- चेक करें सभी जरूरी डिटेल्स

Latest Business News