मुंबई जैसे शहर में जहां हर मिनट की रफ्तार मायने रखती है, वहां सोमवार सुबह अचानक CNG सप्लाई बाधित होने से पूरा ट्रांसपोर्ट सिस्टम मानो ठप-सा पड़ गया। शहर की सड़कों पर लंबी-लंबी कतारें, परेशान ड्राइवर, बंद सीएनजी पंप और बढ़ा हुआ ऑटो किराया, ये सब मिलकर माहौल ऐसा बना रहे थे जैसे शहर किसी बड़े संकट से जूझ रहा हो। काम पर निकलने वाले लोगों से लेकर स्कूल-कॉलेज के छात्रों तक, हर किसी को इस अचानक आई मुसीबत का खामियाजा भुगतना पड़ा।
CNG सप्लाई क्यों रुकी?
महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने बताया कि वडाला स्थित CGS स्टेशन पर सप्लाई रुक जाने से पूरे पाइपलाइन नेटवर्क पर असर पड़ा। इसका असर सीधे तौर पर मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के सीएनजी पंपों पर हुआ, जिनमें कई पंपों को कम दबाव के कारण बंद करना पड़ा। मुंबई महानगर क्षेत्र में कुल 398 सीएनजी पंप हैं, जिनमें से 152 पंप मुंबई शहर में हैं। इनमें से कई पंपों ने या तो डिस्पेंसिंग धीमी कर दी या फिर अस्थायी रूप से शटर डाउन कर दिया। इसके चलते, ऑटो और टैक्सी ड्राइवर घंटों लाइनों में लगे रहे, जिससे किराये में अचानक उछाल देखने को मिला। यात्री भी लंबे इंतजार और महंगे किराए से परेशान दिखे।
कब मिलेगी राहत?
MGL ने बयान जारी करते हुए कहा कि मरम्मत कार्य जारी है और 18 नवंबर दोपहर तक सप्लाई बहाल करने की उम्मीद है। MGL ने बताया, 'GAIL की मुख्य गैस पाइपलाइन को Trombay स्थित RCF परिसर के अंदर नुकसान पहुंचा है। इसी वजह से MGL के वडाला वाले सिटी गेट स्टेशन (CGS) पर गैस सप्लाई रुक गई है। वे घरों में मिलने वाली पीएनजी गैस की सप्लाई को बिना रोके जारी रख रहे हैं। लेकिन वडाला CGS पर सप्लाई बंद होने के कारण मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के कुछ CNG पंप बंद हैं या ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। जैसे ही पाइपलाइन की मरम्मत पूरी हो जाएगी और वडाला CGS को फिर से गैस मिलना शुरू होगी, पूरे नेटवर्क की सप्लाई सामान्य हो जाएगी। मरम्मत का काम जारी है और 18 नवंबर 2025, दोपहर तक गैस सप्लाई ठीक होने की उम्मीद है।'
BEST बसें क्यों नहीं रुकीं?
शहर में घबराहट तब और बढ़ गई जब कई लोगों ने सोचा कि सीएनजी पर चलने वाली बेस्ट की बसें भी प्रभावित होंगी। लेकिन BEST की जनसंपर्क अधिकारी सुचेता उटाले ने साफ किया कि 1250 सीएनजी बसों वाले बेस्ट बेड़े पर कोई असर नहीं हुआ और बस सेवाएं सामान्य रहीं।
Latest Business News