1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market: टॉप-10 कंपनियों में से 5 का मार्केट कैप ₹1,00,000 करोड़ घटा; HDFC बैंक को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान

Share Market: टॉप-10 कंपनियों में से 5 का मार्केट कैप ₹1,00,000 करोड़ घटा; HDFC बैंक को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान

शेयर बाजार में पिछले हफ्ते उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिला, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 5 कंपनियों का मार्केट कैप मिलाकर ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा घट गया। इस गिरावट में सबसे बड़ा झटका HDFC बैंक को लगा।

5 बड़ी कंपनियों का...- India TV Hindi
Image Source : ANI 5 बड़ी कंपनियों का मार्केट कैप ₹1 लाख करोड़ घटा

शेयर बाजार के लिए पिछला हफ्ता भारी उतार-चढ़ाव वाला रहा। शुरुआती तीन दिनों की तेजी के बाद गुरुवार की एक तेज गिरावट ने बाजार का पूरा नक्शा बदल दिया। देश की सबसे मूल्यवान टॉप-10 कंपनियों में से पांच को पिछले हफ्ते भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इन पांच दिग्गज कंपनियों का मार्केट कैप सामूहिक रूप से ₹1,02,771 करोड़ से ज्यादा घट गया है। बाजार में छाई इस अनिश्चितता ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। रिलायंस और एसबीआई जैसी कंपनियों ने जहाँ मजबूती दिखाई, वहीं एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गजों ने निवेशकों को मायूस किया।

HDFC बैंक को लगा सबसे बड़ा झटका

पिछले हफ्ते की गिरावट में सबसे ज्यादा गाज प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक, HDFC बैंक पर गिरी। बैंक का मार्केट कैप ₹56,124.48 करोड़ घटकर ₹12,01,267.28 करोड़ पर आ गया। बैंकिंग सेक्टर में आई इस कमजोरी का असर पूरे इंडेक्स पर देखने को मिला। HDFC के अलावा अन्य 'दिग्गज' जो पिछले हफ्ते पिछड़ गए:

  • हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL): इसकी वैल्यू ₹18,009.62 करोड़ कम हुई।
  • बजाज फाइनेंस: कंपनी को ₹15,338.42 करोड़ का घाटा हुआ।
  • टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक: इन दोनों कंपनियों के मार्केट कैप में भी क्रमशः ₹7,127 करोड़ और ₹6,171 करोड़ की सेंध लगी।

इन 5 कंपनियों ने बचाई बाजार की लाज

एक तरफ जहां पांच कंपनियां घाटे में रहीं, वहीं दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल जैसे शेयरों ने बाजार को सहारा दिया। रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यू में ₹45,942.75 करोड़ का बड़ा उछाल आया, जिससे यह ₹19,14,235.92 करोड़ के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। भारती एयरटेल और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने भी निवेशकों को खुश किया। SBI का मार्केट कैप ₹10,707.52 करोड़ बढ़कर लगभग ₹9.77 लाख करोड़ तक पहुंच गया।

क्या कहते हैं मार्केट एक्सपर्ट?

रेलिगेयर ब्रोकिंग के एक्सपर्ट अजीत मिश्रा के अनुसार, बाजार पिछले हफ्ते काफी हद तक सपाट रहा, लेकिन इसमें गिरावट का ट्रेंड हावी दिखा। निवेशकों के बीच सावधानी का माहौल है। गुरुवार की तेज बिकवाली ने हफ्ते की शुरुआती बढ़त को पूरी तरह खत्म कर दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद हुए।

Latest Business News