1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. हीरो मोटोकॉर्प ने एथर एनर्जी में किया ₹1758 करोड़ रुपये का निवेश, 32.8% हुई हिस्सेदारी

हीरो मोटोकॉर्प ने एथर एनर्जी में किया ₹1758 करोड़ रुपये का निवेश, 32.8% हुई हिस्सेदारी

हीरो मोटोकॉर्प ने बेंगलुरु की एथर एनर्जी के 1,18,80,000 शेयर औसतन 1480 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे।

Hero MotoCorp, ather energy- India TV Hindi
Image Source : HERO MOTOCORP हीरो मोटोकॉर्प

देश की प्रमुख टू-व्हीलर्स मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी एथर एनर्जी में 1758 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस ताजा निवेश के साथ, एथर एनर्जी में हीरो मोटोकॉर्प की हिस्सेदारी बढ़कर 32.8 प्रतिशत हो गई है। हीरो मोटोकॉर्प ने शुक्रवार को सिंगापुर सरकार से खुले बाजार में इन शेयरों की खरीद की है।

हीरो मोटोकॉर्प ने 1480 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे 1,18,80,000 शेयर 

हीरो मोटोकॉर्प, एथर की प्रमुख प्रोमोटर कंपनियों में से एक है। NSE के आंकड़ों के अनुसार, हीरो मोटोकॉर्प ने बेंगलुरु की एथर एनर्जी के 1,18,80,000 शेयर औसतन 1480 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे। इस डील की कुल वैल्यू 1758.24 करोड़ रुपये रहा। हीरो मोटोकॉर्प ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि इस डील के बाद एथर एनर्जी में कंपनी की हिस्सेदारी 32.8 प्रतिशत हो गई है। बताते चलें कि भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में एथर एनर्जी की एक बड़ी हिस्सेदारी है।

शुक्रवार को 8.09 प्रतिशत की ताबड़तोड़ तेजी के साथ बंद हुए एथर एनर्जी के शेयर

वहीं, शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, सिंगापुर सरकार ने 1480 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 1,18,80,000 शेयरों की बिक्री की थी। इस बंपर खरीद से शुक्रवार को एनएसई पर एथर एनर्जी का शेयर 8.09 प्रतिशत की ताबड़तोड़ तेजी के साथ 1616.30 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ। ये डील एथर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा जुलाई में मौजूदा निवेशकों से 1200 करोड़ रुपये जुटाने को मंजूरी दिए जाने के बाद हुआ है। इसमें हीरो मोटोकॉर्प और इंडिया-जापान फंड शामिल हैं।

कल हीरो मोटोकॉर्प के शेयर भी तेजी के साथ हुए बंद

एथर एनर्जी के अलावा, शुक्रवार को एनएसई पर हीरो मोटोकॉर्प के शेयर भी तेजी के साथ बंद हुए। कल, हीरो के शेयर 0.90 प्रतिशत यानी 50 रुपये की बढ़त लेकर 5600 रुपये के भाव पर बंद हुए। कल कारोबार के दौरान, हीरो के शेयर 5529 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 5654 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। एनएसई पर हीरो मोटोकॉर्प के शेयरों का 52 वीक लो 4671.50 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक हाई 6388.50 रुपये है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 1,12,079.08 करोड़ रुपये है।

ये भी पढ़ें

डोनाल्ड ट्रंप H-1B प्रोग्राम के तहत 60 दिनों के ग्रेस पीरियड को खत्म करने के करीब, पूरे घटनाक्रम पर भारतीयों की पैनी नजर

Latest Business News