1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market Today: लगातार दूसरे दिन हरे निशान पर खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंक उछला; निफ्टी 23700 के पार

Share Market Today: लगातार दूसरे दिन हरे निशान पर खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंक उछला; निफ्टी 23700 के पार

शेयर बाजार में आज लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी देखने को मिली। हफ्ते के तीसरे दिन की शुरुआत सकारात्मक संकेतों के साथ हुई, जहां बीएसई सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंकों की बढ़त देखने के मिली, जबकि निफ्टी भी 23,700 के लेवल को पार कर गया। बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों का भरोसा फिर मजबूत होता नजर आ रहा है।

बुधवार को शेयर बाजार...- India TV Hindi
Image Source : ANI बुधवार को शेयर बाजार में अच्छी शुरुआत

भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बुधवार की सुबह खुशियों भरी रही। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन दलाल स्ट्रीट पर रौनक लौटती दिखी और बाजार लगातार दूसरे दिन शानदार बढ़त के साथ खुला। वैश्विक बाजारों से मिल रहे सकारात्मक संकेतों और घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंक उछल गया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 23,700 के पार निकल गया है।

बुधवार सुबह 9:20 बजे सेंसेक्स करीब 495 अंकों से बढ़त के साथ 76,566 पर, जबकि निफ्टी 141 अंक चढ़कर 23,724 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। बाजार की इस तेजी के पीछे कॉर्पोरेट जगत से जुड़ी कई बड़ी खबरें और कंपनियों के बीच हो रहे मर्जर एक्विजिशन के सौदे हैं। आइए जानते हैं आज किन शेयरों पर निवेशकों की नजर टिकी है।

टाटा स्टील और वरुण बेवरेजेस में मची हलचल

आज के कारोबार में टाटा स्टील के शेयरों में अच्छी तेजी देखी जा रही है। कंपनी के बोर्ड ने नीलाचल इस्पात निगम के टाटा स्टील के साथ मर्जर को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा, कंपनी ने अपनी विदेशी सहायक कंपनी में $2 बिलियन (लगभग ₹18,488 करोड़) के भारी-भरकम निवेश का भी ऐलान किया है, जो निवेशकों के भरोसे को बढ़ा रहा है। वहीं, कोल्ड ड्रिंक सेक्टर की दिग्गज कंपनी वरुण बेवरेजेस भी चर्चा में है। इसकी सहायक कंपनी ने दक्षिण अफ्रीका की क्रिकली डेयरी में 100% हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है। ₹131.4 करोड़ का यह सौदा कंपनी को डेयरी और जूस सेगमेंट में पैर पसारने में मदद करेगा।

आईटी सेक्टर: विप्रो और टेक महिंद्रा का जलवा

आईटी शेयरों में भी आज खरीदारी देखने को मिल रही है। विप्रो ने एआई सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म हर्नेस के साथ हाथ मिलाया है, जिससे कंपनी की एआई सर्विसेज में तेजी आएगी। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा ने अपनी सऊदी अरब वाली यूनिट टेक महिंद्रा अरेबिया में बाकी 20% हिस्सेदारी भी ₹206.2 करोड़ में खरीदने का फैसला किया है, जिससे अब यह कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन जाएगी।

श्री सीमेंट की बड़ी जीत, लेकिन अरबिंदो फार्मा को झटका

सीमेंट सेक्टर में श्री सीमेंट के लिए अच्छी खबर है। कंपनी को आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में एक बड़े चूना पत्थर ब्लॉक के लिए पसंदीदा बोलीदाता घोषित किया गया है। 373 हेक्टेयर में फैला यह ब्लॉक कंपनी की उत्पादन क्षमता को बढ़ाएगा। हालांकि, अरबिंदो फार्मा के लिए मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। राजस्थान स्थित इसकी यूनिट की जांच के बाद अमेरिकी नियामक US FDA ने इसे Official Action Indicated (OAI) श्रेणी में डाल दिया है, जिसका असर आज इसके शेयरों पर दिख सकता है। साथ ही, जेके सीमेंट को जम्मू-कश्मीर के लीगल मेट्रोलॉजी विभाग से पैकेजिंग और वजन मशीन संबंधी नियमों के उल्लंघन का नोटिस मिला है।

Latest Business News