A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market: लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 300 अंक लुढ़का; Infosys, HCLTech, Cipla के शेयर टूटे

Share Market: लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 300 अंक लुढ़का; Infosys, HCLTech, Cipla के शेयर टूटे

शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत सुस्ती के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स लगभग 300 अंक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी में भी कमजोरी देखी गई। बाजार में मंदी का मुख्य कारण आईटी और फार्मा सेक्टर के शेयरों में हो रही बिकवाली है।

लगातार तीसरे दिन गिरा...- India TV Hindi
Image Source : ANI लगातार तीसरे दिन गिरा शेयर बाजार

शेयर बाजार में कमजोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भी बाजार गिरावट के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में निवेशकों की चिंता बढ़ गई। लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज होने से बाजार का माहौल दबाव में नजर आ रहा है। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 83.75 अंक यानी 0.35 फीसदी की गिरावट के साथ 24,088 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं सेंसेक्स 312.44 अंक यानी 0.40 फीसदी की कमजोरी के साथ 77,325.24 पर ट्रेड करता दिखा।

आईटी और फार्मा शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

आज की गिरावट में आईटी और फार्मा सेक्टर का सबसे बड़ा योगदान रहा। Infosys, HCLTech और Cipla जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट देखने को मिली। इन कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव और बढ़ गया। विशेषज्ञों का मानना है कि ग्लोबल संकेतों और सेक्टर-विशेष कमजोरी के कारण इन शेयरों में दबाव बना हुआ है।

आज इन 15 कंपनियों के आएंगे नतीजे

आज निवेशकों की नजरें मुख्य रूप से कॉरपोरेट नतीजों पर टिकी हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) आज शाम अपने नतीजे घोषित करेगी, जो बाजार की अगली दिशा तय करेंगे। इसके अलावा, श्रीराम फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, अदानी ग्रीन एनर्जी, कैन फिन होम्स, चेन्नई पेट्रोलियम, डीसीबी बैंक, हिंदुस्तान जिंक, लोढ़ा डेवलपर्स, एल एंड टी फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज, मैंगलोर रिफाइनरी, सुप्रीम पेट्रोकेम, तनला प्लेटफॉर्म्स और जेनसर टेक्नोलॉजीज भी अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगे। इन कंपनियों के नतीजों का असर दिनभर के कारोबार में देखने को मिल सकता है। अच्छे या खराब नतीजों के आधार पर संबंधित शेयरों में तेज हलचल संभव है।

निवेशकों के लिए क्या है संकेत?

लगातार तीसरे दिन गिरावट यह संकेत दे रही है कि बाजार फिलहाल दबाव में है और निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है। विशेषज्ञों की सलाह है कि जल्दबाजी में फैसले लेने से बचें और कंपनियों के फंडामेंटल्स को ध्यान में रखकर ही निवेश करें।

Latest Business News