1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. अच्छी शुरुआत के बाद शेयर बाजार ने लिया यू-टर्न, सेंसेक्स 143 तो निफ्टी 77 अंक फिसला; पर IT शेयरों ने दिखाई मजबूती

अच्छी शुरुआत के बाद शेयर बाजार ने लिया यू-टर्न, सेंसेक्स 143 तो निफ्टी 77 अंक फिसला; पर IT शेयरों ने दिखाई मजबूती

शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार दूसरे कारोबारी दिन भी जारी रहा। बुधवार, 21 अक्टूबर को सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी 22,850 के स्तर से भी नीचे फिसल गया, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।

लाल निशान पर बंद हुआ...- India TV Hindi
Image Source : CANVA लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार

21 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार ने एक बार फिर निवेशकों को निराश किया। मजबूत वैश्विक संकेतों और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर सुबह बाजार ने शानदार शुरुआत की थी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही चौतरफा बिकवाली के दबाव ने बाजार की सारी बढ़त छीन ली। कारोबार के दूसरे हाफ में हुई तेज बिकवाली के चलते बाजार ने यू-टर्न लिया और दोनों मुख्य सूचकांक लगातार दूसरे सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए।

कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 143.21 अंक (0.19%) की गिरावट के साथ 73,709.69 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 77.60 अंक (0.34%) फिसलकर 22,811.35 के स्तर पर आ गया। बाजार की चौतरफा सुस्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल 884 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 3,361 शेयरों में बिकवाली हावी रही और 157 शेयर बिना किसी बदलाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा, निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में 2 फीसदी से अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

आईटी को छोड़कर सभी सेक्टर्स लाल निशान में

आज के कारोबार में केवल आईटी सेक्टर ही बाजार को थामने की कोशिश करता दिखा। निफ्टी आईटी (NIFTY IT) इंडेक्स 2.52% उछलकर 32,310.10 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि, दूसरी ओर ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मीडिया, मेटल, फार्मा और रियल्टी सेक्टर्स 1 से 2 फीसदी तक टूट गए। निफ्टी एमएनसी (-2.27%), निफ्टी एनर्जी (-1.62%), निफ्टी रियल्टी (-1.57%), निफ्टी पीएसई (-1.47%), निफ्टी बैंक (-1.07%), निफ्टी पीएसयू बैंक (-0.70%) और निफ्टी एफएमसीजी (-0.89%) सभी भारी गिरावट के साथ बंद हुए।   

टॉप गेनर्स और लूजर्स स्टॉक्स

  • टॉप गेनर्स स्टॉक: आईटी दिग्गजों ने गिरावट के माहौल में भी मजबूती दिखाई। इन्फोसिस (+3.30%), एचसीएल टेक (+3.21%), टेक महिंद्रा (+3.13%), टीसीएस (+2.77%) और अल्ट्राटेक सीमेंट (+1.87%) की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स रहे। इसके अलावा भारती एयरटेल (+0.88%), एसबीआई लाइफ (+0.80%), पावरग्रिड (+0.72%) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (+0.58%) भी हरे निशान में बंद हुए।   
  • टॉप लूजर्स स्टॉक: बिकवाली के झोंके में बजाज फाइनेंस 3.27% गिरकर निफ्टी का सबसे बड़ा लूजर बना। इसके अलावा बीएसई (-2.63%), इटर्नल (-2.45%), आयशर मोटर्स (-2.43%), ट्रेंट (-2.41%), मारुति सुजुकी (-2.40%), अदानी एंटरप्राइज (-2.37%), श्रीराम फाइनेंस (-2.33%), बजाज ऑटो (-2.09%) और एक्सिस बैंक (-2.10%) के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई।

 यह भी पढ़ें- Jio Platforms के IPO को मिला निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स, खुलते ही 100 मिनट में फुल सब्सक्राइब हुआ इश्यू

Latest Business News