अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहर से भारतीय शेयर बाजार में भूचाल आ गया है। बाजार में चौतरफा बिकवाली से निवेशकों के 19.45 लाख करोड़ डूब गए हैं। आपको बता दें कि जब शुक्रवार को बाजार बंद हुआ था तो बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,03,41,043 करोड़ रुपये था जो अब घटकर 3,83,95,173 करोड़ रुपये रह गया है। इस तरह निवेशकों के 19 लाख करोड़ से अधिक डूब गए हैं।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में बड़ी गिरावट
बाजार में चौतरफा बिकवाली का आलम यह है कि सेंसेक्स में शामिल 30 में से 30 शेयरों बड़ी गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज 7% की गिरावट के साथ करोबार कर रहा है। टाटा मोटर्स 9% की बड़ी गिरावट के साथ करोबार कर रहे हैं।
Image Source : Fileसेंसेक्स
ट्रेड वॉर बढ़ने से सहमा बाजार
अमेरिका के शुल्क बढ़ाने और चीन की जवाबी कार्रवाई के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई है। सेंसेक्स और निफ्टी भी सोमवार को शुरुआती कारोबार में पांच प्रतिशत से अधिक लुढ़क गए। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 3,939.68 अंक या 5.22 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 71,425.01 अंक पर आ गया। वहीं एनएसई निफ्टी 1,160.8 अंक या 5.06 प्रतिशत फिसलकर 21,743.65 अंक पर रहा।
सभी 30 कंपनियों के शेयर लुढ़के
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे। टाटा स्टील का शेयर आठ प्रतिशत से अधिक जबकि टाटा मोटर्स का शेयर सात प्रतिशत से अधिक की गिरावट में रहा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, लार्सन एंड टूब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरे भी भारी नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग करीब 11 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 करीब सात प्रतिशत, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट छह प्रतिशत से अधिक और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी पांच प्रतिशत की गिरावट में रहा। अमेरिकी बाजारों में भी शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई थी। एसएंडपी 500 में 5.97 प्रतिशत, नैस्डैक कंपोजिट में 5.82 प्रतिशत और डॉव में 5.50 प्रतिशत की गिरावट आई थी। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 2.74 प्रतिशत लुढ़ककर 63.78 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,483.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स में पिछले सप्ताह 2,050.23 अंक या 2.64 प्रतिशत की गिरावट आई थी जबकि एनएसई निफ्टी 614.8 अंक या 2.61 प्रतिशत फिसला था।
निवेशक हैं तो क्या करें?
अगर आप रिटेल निवेशक हैं तो इस बाजार में बिकवाली या खरीदारी से बचें। बाजार से अभी दूर रहे हैं। अच्छे स्टॉक के साथ बने रहे। एवरेज करने से बचें। हां, पेनिक सेलिंग नहीं करें। बाजार में उतार-चढ़ाव लगा रहता है। अगर आप लंबी अवधि के निवेशक हैं तो घबराएं नहीं। बाजार में निवेशित रहें।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
Latest Business News