1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. भारत के पूरे इक्विटी मार्केट से भी ज्यादा हुई Nvidia की वैल्यू, 5.05 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचा मार्केट कैप

भारत के पूरे इक्विटी मार्केट से भी ज्यादा हुई Nvidia की वैल्यू, 5.05 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचा मार्केट कैप

एनवीडिया ने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए अपनी रणनीति में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए, जिससे अब ये टेक कंपनी ग्लोबल AI इंडस्ट्री की रीढ़ बन गई है और छप्परफाड़ कमाई कर रही है।

Nvidia, Nvidia market cap, indian share market, indian stock market valuation, artificial intelligen- India TV Hindi
Image Source : AP ग्लोबल AI इंडस्ट्री की रीढ़ बन चुका है Nvidia

दुनियाभर में तेजी से बढ़ रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने एक नई आर्थिक महाशक्ति खड़ी कर दी है। अमेरिकी टेक कंपनी Nvidia, जिसे कभी मुख्य रूप से गेमिंग चिप्स के लिए जाना जाता था और आज इस कंपनी की वैल्यू भारत के पूरे इक्विटी बाजार से भी ज्यादा हो गई है। बताते चलें कि भारतीय इक्विटी बाजार, दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा बाजार है। Nvidia का मौजूदा मार्केट कैप 5.05 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुका है, जबकि भारतीय इक्विटी बाजार का कुल मार्केट कैप 5 ट्रिलियन डॉलर के आसपास है। Nvidia की वैल्यूएशन में 3 साल से भी कम समय में लगभग पांच गुना बढ़ोतरी हुई है।

ग्लोबल AI इंडस्ट्री की रीढ़ बन चुका है Nvidia

एनवीडिया ने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए अपनी रणनीति में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए, जिससे अब ये टेक कंपनी ग्लोबल AI इंडस्ट्री की रीढ़ बन गई है और छप्परफाड़ कमाई कर रही है। इस दौरान, Nvidia के स्टॉक की कीमत 323 प्रतिशत की ताबड़तोड़ तेजी के साथ 211.50 डॉलर तक पहुंच गई है, जो 50 डॉलर से भी नीचे थी। जहां एक तरफ, AI की दौड़ में Nvidia सबसे आगे बनी हुई है, वहीं Alphabet और Apple जैसी बड़ी टेक कंपनियां भी हाल के महीनों में 4 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट वैल्यू तक पहुंच गई हैं। इनके अलावा, Microsoft का मार्केट कैप 3 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर बना हुआ है।

AI ने इन कंपनियों की भी बदली किस्मत

AI की वजह से शेयरों की खरीदारी में आई तेजी ने Amazon, Broadcom, TSMC, Meta, Tesla और हाल ही में Samsung जैसी टेक दिग्गजों को भी 1 ट्रिलियन डॉलर के जादूई आंकड़े के पार पहुंचा दिया है। इसकी मुख्य वजह है, इन कंपनियों की चिप्स की भारी माँग। TSMC के बाद, Samsung दूसरी एशियाई कंपनी है जिसका मार्केट कैप 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है।

भारतीय कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट

वहीं दूसरी ओर, भारतीय कंपनियों के मार्केट कैप में भारी गिरावट देखने को मिली है। 2024 में अपने शिखर 5.7 ट्रिलियन डॉलर से गिरकर ये अभी 5 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया है। इसकी मुख्य वजह विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली है। FPIs ने सिर्फ 2025 में ही 189.09 बिलियन डॉलर के भारतीय शेयर बेचकर पैसा निकाल लिया।

ये भी पढ़ें-

Stock Market Today: गिरावट के साथ खुले शेयर बाजार, सेंसेक्स 213 और निफ्टी ने 93 अंकों के नुकसान के साथ शुरू किया कारोबार

Latest Business News