A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. RBI का बड़ा खुलासा: मार्केट में अब भी घूम रहे 2000 के नोट, जानिए बैंक तक कितने नोट नहीं लौटे?

RBI का बड़ा खुलासा: मार्केट में अब भी घूम रहे 2000 के नोट, जानिए बैंक तक कितने नोट नहीं लौटे?

एक बार फिर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने ₹2000 के नोटों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। RBI ने बताया कि ₹5817 करोड़ मूल्य के 2000 रुपये के नोट अब भी लोगों के पास मौजूद हैं या मार्केट में कहीं न कहीं घूम रहे हैं।

2000 के नोट अब भी मार्केट...- India TV Hindi
Image Source : CANVA 2000 के नोट अब भी मार्केट में चल रहे हैं।

देशभर में एक बार फिर 2000 रुपये के नोट चर्चा में हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने नया आंकड़ा जारी करते हुए बताया है कि नोटबंदी जैसी प्रक्रिया के लगभग डेढ़ साल बाद भी बाजार में 5817 करोड़ रुपये मूल्य के 2000 रुपये के नोट अब तक वापस नहीं लौटे हैं। यह खुलासा ऐसे समय हुआ है जब ज्यादातर लोग मान चुके थे कि ये नोट पूरी तरह सिस्टम से बाहर हो चुके हैं।

RBI ने शनिवार को जारी अपने बयान में बताया कि 19 मई 2023 को जब 2000 रुपये के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की गई थी, उस वक्त इनकी कुल वैल्यू 3.56 लाख करोड़ रुपये थी। अब यह घटकर सिर्फ 5817 करोड़ रुपये रह गई है। यानी, RBI के मुताबिक 98.37% 2000 रुपये के नोट बैंकिंग सिस्टम में वापस आ चुके हैं।

2000 का नोट अब भी मान्य

आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि 2000 रुपये के नोट अब भी कानूनी मुद्रा हैं, यानी उन्हें किसी भी लेनदेन में स्वीकार किया जा सकता है। हालांकि, इनकी छपाई बंद कर दी गई है और बैंक अब इन्हें दोबारा जारी नहीं कर रहे हैं। केंद्रीय बैंक ने बताया कि 19 मई 2023 से आरबीआई के 19 रीजनल ऑफिस में इन नोटों को जमा या एक्सचेंज करने की सुविधा दी जा रही है। 9 अक्टूबर 2023 से जनता के लिए यह सुविधा और आसान की गई। लोग अब इंडिया पोस्ट के जरिए भी अपने 2000 रुपये के नोट किसी भी आरबीआई कार्यालय में भेजकर अपने बैंक खाते में जमा कर सकते हैं। ये कार्यालय अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में स्थित हैं।

कहां हो सकते हैं ये नोट

आरबीआई ने कहा कि वह समय-समय पर 2000 रुपये के नोटों की वापसी की स्थिति पर अपडेट जारी करता रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ नोट अभी भी ग्रामीण इलाकों या नकद-आधारित कारोबारों में फंसे हो सकते हैं। वहीं, कुछ लोग इन्हें स्मृति या कलेक्शन आइटम के तौर पर भी संभालकर रखे हुए हैं।

Latest Business News