1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. IT शेयरों की जबरदस्त रैली! सेंसेक्स 580 अंक उछला, निफ्टी 24,175 के ऊपर बंद; जानिए किन स्टॉक्स ने किया कमाल?

IT शेयरों की जबरदस्त रैली! सेंसेक्स 580 अंक उछला, निफ्टी 24,175 के ऊपर बंद; जानिए किन स्टॉक्स ने किया कमाल?

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को शानदार तेजी के साथ कारोबार खत्म किया। आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रुपये की मजबूती ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।

बढ़त के साथ बंद हुआ...- India TV Hindi
Image Source : CANVA बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को शानदार वापसी करते हुए निवेशकों को बड़ी राहत दी। लगातार उतार-चढ़ाव के बाद बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। आईटी शेयरों में आई तेज उछाल और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट की वजह से सेंसेक्स 580 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 24,175 के ऊपर पहुंच गया। पूरे दिन बाजार में सकारात्मक माहौल बना रहा और मिडकैप व स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 579.48 अंक यानी 0.75% की तेजी के साथ 77,502.12 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 169.85 अंक यानी 0.71% चढ़कर 24,175.70 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में 2,436 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,663 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

IT शेयरों ने दिखाई सबसे ज्यादा ताकत

आज की तेजी में सबसे बड़ा योगदान आईटी सेक्टर का रहा। लगातार चार दिनों की गिरावट के बाद निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 5% उछल गया। निवेशकों ने बड़े आईटी शेयरों में जमकर खरीदारी की। सबसे ज्यादा बढ़त वाले शेयरों में इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और बजाज फिनसर्व शामिल रहे। इनमें इन्फोसिस करीब 3.9%, एचसीएल टेक्नोलॉजीज 3.4% और टीसीएस 2.6% तक मजबूत हुए। दूसरी ओर मैक्स हेल्थकेयर, L&T, नेस्ले, एक्सिस बैंक और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों में हल्की कमजोरी रही।

बाजार में आज क्यों आई तेजी?

  1. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 1% गिरकर 70.79 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य से सप्लाई सामान्य रहने से तेल सस्ता हुआ। इससे भारत जैसी तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्था के लिए राहत का माहौल बना और निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
  2. आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी: हाल के दिनों में आईटी शेयरों में हुई गिरावट के बाद निवेशकों ने सस्ते भाव पर खरीदारी की। इसी वजह से पूरे सेक्टर में तेज रिकवरी देखने को मिली और बाजार को मजबूत सहारा मिला।
  3. रुपये की मजबूती: रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 26 पैसे मजबूत होकर 84.90 पर पहुंच गया। तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक बाजारों में स्थिरता से रुपये को मजबूती मिली, जिससे विदेशी निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा।

दूसरे सेक्टरों का कैसा रहा प्रदर्शन?

आईटी के अलावा ऑटो, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और मेटल सेक्टर में करीब 1% तक की बढ़त दर्ज की गई। वहीं कैपिटल गुड्स, पावर, टेलीकॉम और पीएसयू बैंक इंडेक्स में हल्की गिरावट रही। मिडकैप इंडेक्स 0.5% और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.2% चढ़कर बंद हुए।

यह भी पढ़ें- WhatsApp चैट से लेकर ऑनलाइन खाने के ऑर्डर तक, जानिए SEBI ने कैसे पर्दाफाश किया ₹144 करोड़ का स्कैम?

Latest Business News