1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. कोविड के बाद बाजार में सबसे बड़ी तबाही, सेंसेक्स 3914 और निफ्टी 1146 अंक लुढ़का

कोविड के बाद बाजार में सबसे बड़ी तबाही, सेंसेक्स 3914 और निफ्टी 1146 अंक लुढ़का

आज की इस सुनामी में सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 1 कंपनी का शेयर ही बढ़त के साथ हरे निशान में खुला और बाकी की सभी 29 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में खुले। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 50 की 50 में सारी 50 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले।

BSE, NSE, nifty 50, nifty, sensex, share market, stock market, donald trump, us tarrif policy, tata - India TV Hindi
Image Source : AP शेयर बाजार में हाहाकार

Share Market Opening 7th April, 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ पॉलिसी लागू होने के बाद से दुनियाभर के शेयर बाजारों में कोहराम मचा हुआ है। भारतीय शेयर बाजार भी अब पूरी तरह से इसकी चपेट में आ गया है। सोमवार, 7 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार का प्रमुख इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स 3914.75 अंकों की गिरावट के साथ 71,449.94 अंकों पर खुला। वहीं दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी आज 1146 अंकों की गिरावट के साथ 21,758.40 अंकों पर खुला। आज कई प्रमुख कंपनियों के शेयर 10-10 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले। बताते चलें कि ट्रंप के फैसले के बाद से अमेरिकी शेयर बाजार में विनाशकारी गिरावट देखने को मिल रही है। कोविड के बाद भारतीय शेयर बाजार में ये अभी तक की सबसे बड़ी गिरावट है।

भारती एयरटेल को छोड़कर सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान में खुले

आज की इस सुनामी में सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 1 कंपनी का शेयर ही बढ़त के साथ हरे निशान में खुला और बाकी की सभी 29 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में खुले। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 50 की 50 में सारी 50 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। सेंसेक्स की कंपनियों में सिर्फ भारती एयरटेल का शेयर 0.90 की बढ़त के साथ हरे निशान में खुला। जबकि टाटा स्टील का शेयर आज सबसे ज्यादा 8.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में खुला।

आज किस कंपनी के शेयरों का कैसा रहा हाल (शुरुआती कारोबार में)

शेयर का नाम गिरावट (प्रतिशत में)
टाटा मोटर्स 8.02
लार्सन एंड टुब्रो 7.02
इंफोसिस 6.80
टीसीएस 6.74
एचसीएल टेक 6.56
अडाणी पोर्ट्स 6.38
टेक महिंद्रा 6.38
रिलायंस इंडस्ट्रीज 6.04
इंडसइंड बैंक 5.63 
एनटीपीसी 5.18
जोमैटो 5.15
महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.61
बजाज फाइनेंस 4.27
टाइटन 3.55
एशियन पेंट्स 3.51
नेस्ले इंडिया 3.51
बजाज फिनसर्व  3.37
मारुति सुजुकी 3.27
कोटक महिंद्रा बैंक 3.25
सनफार्मा 3.14

 

Latest Business News