1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. दिवाली से पहले शेयर बाजार में रौनक, दो दिन में 3700 अंक उछलकर सेंसेक्स 81,000 के पार; निवेशकों की झोली में आई मोटी कमाई

दिवाली से पहले शेयर बाजार में रौनक, दो दिन में 3700 अंक उछलकर सेंसेक्स 81,000 के पार; निवेशकों की झोली में आई मोटी कमाई

दिवाली से पहले शेयर बाजार में निवेशकों की बल्ले-बल्ले हो गई है। भारतीय शेयर बाजार ने 6 नवंबर को लगातार सातवें कारोबारी सत्र में बढ़त दर्ज करते हुए जोरदार छलांग लगाई। बाजार में ऐसी खरीदारी देखने को मिली कि सेंसेक्स एक ही दिन में 1,718 अंक उछलकर 81,000 के पार पहुंच गया।

शेयर बाजार में जोरदार...- India TV Hindi
Image Source : CANVA शेयर बाजार में जोरदार तेजी

दिवाली से ठीक पहले भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी का माहौल देखने को मिल रहा है। लगातार सातवें कारोबारी सत्र में बढ़त बनाते हुए 6 नवंबर को शेयर बाजार के दोनों मुख्य सूचकांकों ने नया इतिहास रच दिया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की ताबड़तोड़ खरीदारी और अनुमान से बेहतर तिमाही नतीजों के दम पर बीएसई सेंसेक्स 1,700 अंकों से ज्यादा की जोरदार छलांग लगाकर 81,000 के पार बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 25,000 का अहम आंकड़ा पार करने में कामयाब रहा। पिछले दो दिनों की धमाकेदार रैली में सेंसेक्स में करीब 3,700 अंकों की तेजी आ चुकी है, जिससे निवेशकों की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स और निफ्टी की रिकॉर्ड क्लोजिंग

शुक्रवार को सेंसेक्स 1,718.01 अंक यानी 2.17 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ 81,028.02 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 493.75 अंक या 2.01 प्रतिशत उछलकर 25,030.35 के स्तर पर पहुंच गया। दिन के कारोबार में 1,681 शेयरों में तेजी रही, जबकि 2,400 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए और 148 शेयर सपाट रहे। हालांकि ब्रॉड मार्केट में मिडकैप इंडेक्स में मामूली गिरावट रही और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.8% फिसलकर अपनी 4 दिनों की बढ़त गंवा बैठा।

बैंकिंग और प्राइवेट सेक्टर के शेयर भागे

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों ने बाजार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। निफ्टी प्राइवेट बैंक में 3.22% और निफ्टी बैंक में 2.27% की शानदार तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी फिन सर्विस (+2.57%), निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (+1.70%), निफ्टी फार्मा (+1.21%) और निफ्टी ऑटो (+0.76%) भी मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। सरी ओर, निफ्टी मीडिया (-1.52%) और आईटी मीडिया में बिकवाली देखने को मिली।

महिंद्रा एंड महिंद्रा, ICICI बैंक और HDFC बैंक चमके

शुक्रवार को महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) 5.11% की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक (+4.75%), एचडीएफसी लाइफ (+3.95%), एचडीएफसी बैंक (+3.72%), टाइटन कंपनी (+3.42%), और एक्सिस बैंक (+3.35%) के शेयरों में बंपर तेजी रही। एनटीपीसी (+3.11%), कोटक बैंक (+2.78%) और अदानी पोर्ट्स (+2.76%) भी हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, बिकवाली के दबाव में आयशर मोटर्स (-0.56%), टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (-0.58%), श्रीराम फाइनेंस (-0.30%) और ग्रासिम (-0.02%) में नरमी रही। 

FIIs की 14,974 करोड़ की खरीदारी से मिला बूस्ट

बाजार में इस रिकवरी की मुख्य वजह विदेशी निवेशकों की वापसी रही। FIIs लगातार 5वें दिन शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने ₹14,974 करोड़ के शेयर खरीदे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने मुनाफावसूली की और ₹10,444 करोड़ की बिकवाली की।

यह भी पढ़ें- यूरोप के पोर्ट और एनर्जी कारोबार में अडानी की एंट्री, ₹22000 करोड़ से ज्यादा में खरीदी Evos; 5 देशों में फैला है नेटवर्क

Latest Business News