1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market: शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल! सेंसेक्स 575 अंक चढ़ा, निवेशकों की झोली में आए 4 लाख करोड़ रुपये

Stock Market: शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल! सेंसेक्स 575 अंक चढ़ा, निवेशकों की झोली में आए 4 लाख करोड़ रुपये

भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ग्लोबल संकेतों और फेड रेट कट की उम्मीदों ने निवेशकों में जोश भर दिया। सेंसेक्स और निफ्टी ने रिकॉर्ड छलांग लगाई, जिससे इन्वेस्टर्स को एक ही दिन में करीब 4 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

Stock market, sensex, nifty- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK बुधवार को सेंसेक्स 575 अंक और निफ्टी 178 अंक की चढ़कर बंद हुआ।

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट से मिले अच्छे संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रेट कट की उम्मीदों ने इन्वेस्टर्स के चेहरों पर मुस्कान ला दी। दिनभर की मजबूत खरीदारी के चलते सेंसेक्स 575 अंक उछलकर 82,605.43 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 178 अंक की छलांग लगाते हुए 25,323.55 के स्तर पर बंद हुआ। सिर्फ इतना ही नहीं, इस शानदार रैली ने इन्वेस्टर्स की संपत्ति में 4 लाख करोड़ रुपये का इजाफा कर दिया। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले सत्र के करीब 460 लाख करोड़ से बढ़कर 464 लाख करोड़ के पार पहुंच गया। आज के सत्र में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.07% और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.78% तक चढ़े।

कौन रहे आज के टॉप गेनर और लूजर

निफ्टी 50 के 38 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। बजाज फाइनेंस (4.07%), नेस्ले इंडिया (3.98%) और बजाज फिनसर्व (3.14%) टॉप गेनर रहे। वहीं, इंफोसिस (1.04%), बजाज ऑटो (0.96%) और टाटा मोटर्स (0.90%) आज के टॉप लूजर में शामिल रहे।

क्यों चढ़ा आज बाजार?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आज की तेजी की सबसे बड़ी वजह थी ग्लोबल मार्केट्स में पॉजिटिव सेंटिमेंट और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की रेट कट की उम्मीदें। अमेरिकी फेड चेयर जेरोम पॉवेल ने मंगलवार को संकेत दिया कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था स्थिर है लेकिन जॉब मार्केट कमजोर दिख रहा है, जिससे अक्टूबर और दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ गई है। इसी उम्मीद का असर एशियाई और यूरोपीय बाजारों पर भी दिखा। फ्रांस का CAC 40 और कोरिया का Kospi दोनों 2% से ज्यादा चढ़े, जबकि जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंग सेंग लगभग 2% ऊपर रहे।

सेक्टोरल इंडेक्स की स्थिति

आज निफ्टी रियल्टी इंडेक्स ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जो 3.04% चढ़ा। इसके अलावा पीएसयू बैंक (1.67%), मेटल (1%), और एफएमसीजी (1%) सेक्टर में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली। बैंक निफ्टी में 0.54% और फाइनेंशियल सर्विसेस इंडेक्स में 0.91% की बढ़त दर्ज हुई।

Latest Business News