1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. टाटा मोटर्स ने स्टॉक एक्सचेंज में बदला नाम, अब इस नाम से दिखेगी कंपनी; डिमर्जर के बाद आया बड़ा बदलाव

टाटा मोटर्स ने स्टॉक एक्सचेंज में बदला नाम, अब इस नाम से दिखेगी कंपनी; डिमर्जर के बाद आया बड़ा बदलाव

देश की दिग्गज ऑटो कंपनी टाटा मोटर्स ने एक नया अध्याय शुरू किया है। कंपनी ने अपने पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल बिजनेस को अलग कर दिया है, जिससे अब निवेशकों के डिमैट अकाउंट में “Tata Motors” की जगह “TMPV” नाम दिख रहा है।

टाटा मोटर्स ने बदला...- India TV Hindi
Image Source : ANI टाटा मोटर्स ने बदला नाम

भारत की सबसे भरोसेमंद ऑटो कंपनियों में शुमार टाटा मोटर्स (Tata Motors) अब एक नए नाम और नए अवतार में नजर आने लगी है। लंबे समय से चर्चा में रहे कंपनी के डिमर्जर प्रोसेस के बाद अब टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल बिजनेस का नाम बदलकर टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) कर दिया गया है। यानी अब अगर आपके पास टाटा मोटर्स के शेयर हैं, तो आपके डिमैट अकाउंट में कंपनी का नाम TMPV के रूप में दिखाई देगा।

क्या है पूरा मामला

टाटा मोटर्स ने अपने कमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल बिजनेस को अलग करने (demerger) का फैसला पिछले साल लिया था ताकि दोनों सेगमेंट्स पर अलग-अलग फोकस किया जा सके। अब कंपनी ने यह प्रक्रिया पूरी कर ली है। कमर्शियल यूनिट का नाम होगा TML Commercial Vehicles Ltd (TMLCV), जबकि पैसेंजर व्हीकल यूनिट को नया नाम TMPV मिला है। रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज, मुंबई ने 13 अक्टूबर 2025 को नया सर्टिफिकेट ऑफ इनकॉरपोरेशन जारी किया है। वहीं, 14 अक्टूबर को कंपनी ने डिमर्जर की रिकॉर्ड डेट तय की थी ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन शेयरहोल्डर्स को अलग हुई नई कंपनी के शेयर मिलेंगे।

शेयर बाजार में कैसी रही शुरुआत

डिमर्जर के बाद TMPV के शेयर शुक्रवार सुबह मामूली गिरावट के साथ 406.25 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे। यह शेयर 14 अक्टूबर को स्पेशल प्राइस-डिस्कवरी सेशन के बाद 400 रुपये पर खुला था। तब से अब तक इसमें करीब 2% की तेजी दर्ज की गई है। खबर लिखे जाने तक TMPV के शेयर 0.87% गिरकर 402 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।

शेयरहोल्डर्स को क्या मिलेगा

जो निवेशक रिकॉर्ड डेट यानी 14 अक्टूबर को टाटा मोटर्स के शेयर रखे हुए थे, उन्हें हर 1 टाटा मोटर्स शेयर के बदले डिमर्जर के बाद बनी TMLCV कंपनी का 1 शेयर मिलेगा। कमर्शियल व्हीकल यूनिट (TMLCV) की ट्रेडिंग नवंबर में BSE और NSE पर शुरू होने की उम्मीद है।

क्यों किया गया यह बड़ा बदलाव

कंपनी का कहना है कि यह कदम बिजनेस को अलग-अलग दिशा में फोकस और स्केल करने के लिए उठाया गया है। पैसेंजर व्हीकल यूनिट अब इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और जगुआर लैंड रोवर (JLR) जैसे सेगमेंट्स पर ध्यान केंद्रित करेगी, जबकि कमर्शियल यूनिट ट्रक्स और बसों के बिजनेस को आगे बढ़ाएगी।

Latest Business News