मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सर्राफा बाजार में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूरे हफ्ते उतार-चढ़ाव के बाद शुक्रवार की शाम सोना और चांदी अचानक चमक उठी। इसकी बड़ी वजह बना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक अहम फैसला, जिसने बाजार की दिशा ही बदल दी। निवेशकों का भरोसा एक बार फिर सोने की ओर लौटा और कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला।
MCX पर अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स में करीब ₹3,500 प्रति 10 ग्राम की तेजी आई और कीमत ₹1,45,500 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गई। वहीं चांदी की कीमत में ₹10,000 प्रति किलो से ज्यादा की छलांग लगी और यह फिर से ₹2.33 लाख के स्तर पर पहुंच गई। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX पर अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स करीब 93 डॉलर उछलकर 4,601 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस तक पहुंच गया। यह तेजी उस समय आई जब एक दिन पहले ही सोने में करीब 176 डॉलर की बड़ी गिरावट देखी गई थी। हालांकि हफ्तेभर के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोना अभी भी गिरावट के ट्रेंड में है।
ट्रंप के फैसले से बदला बाजार का मूड
दरअसल, ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर संभावित हमले को फिलहाल टाल दिया है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के लिए 6 अप्रैल तक का समय दिया है। इस फैसले से वैश्विक स्तर पर थोड़ी राहत का माहौल बना। जैसे ही तनाव कम होने के संकेत मिले, निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के तौर पर फिर से सोने की ओर रुख किया, जिससे कीमतों में तेजी आ गई।
फिर भी क्यों बनी हुई है अनिश्चितता?
हालांकि कीमतों में तेजी आई है, लेकिन बाजार अभी भी पूरी तरह स्थिर नहीं है। अमेरिका-ईरान के बीच तनाव, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अनिश्चितता और लगातार बदलती जियोपॉलिटिकल परिस्थितियां गोल्ड-सिल्वर को काफी वोलेटाइल बनाए हुए हैं।
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा समय में सोना और चांदी दोनों में तेजी और गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। छोटी-छोटी खबरें भी कीमतों को प्रभावित कर रही हैं, इसलिए निवेशकों को सतर्क रहकर फैसला लेने की सलाह दी जा रही है।
Latest Business News