1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. फैमिली ट्रिप का बेस्ट प्लान! 5 अक्टूबर से चलेगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन, किराए से लेकर रूट तक सबकुछ जानें यहां

फैमिली ट्रिप का बेस्ट प्लान! 5 अक्टूबर से चलेगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन, किराए से लेकर रूट तक सबकुछ जानें यहां

परिवार संग धार्मिक यात्रा की प्लानिंग बना रहे हैं तो ये आपके लिए सुनहरा मौका है। कर्नाटक सरकार और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) मिलकर एक खास थीम-बेस्ड टूर पैकेज लेकर आए हैं- “कर्नाटक भारत गौरव काशी दर्शन”।

Indian railways, train,- India TV Hindi
Image Source : CANVA कर्नाटक सरकार ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के साथ मिलकर खास पैकेज लॉन्च किया है

अगर आप लंबे समय से परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार मौका आ गया है। कर्नाटक सरकार ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के साथ मिलकर खास पैकेज लॉन्च किया है। इसके तहत कर्नाटक भारत गौरव काशी दर्शन थीम पर आधारित टूरिस्ट ट्रेन 5 अक्टूबर 2025 से चलाई जाएगी। इस ट्रेन के जरिए श्रद्धालु एक साथ वाराणसी, गया, अयोध्या और प्रयागराज जैसे पवित्र स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। यह यात्रा कुल 9 दिन और 8 रातों की होगी।

आईआरसीटीसी के मुताबिक यात्रियों को इस दौरान 3-एसी क्लास की विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से यात्रा कराई जाएगी। ठहरने के लिए नॉन-एसी होटल रूम दिए जाएंगे, जिनमें डबल या ट्रिपल शेयरिंग पर व्यवस्था होगी। सभी भोजन (केवल शाकाहारी) पैकेज में शामिल होंगे। साथ ही यात्रा के दौरान ट्रेवल इंश्योरेंस और ट्रेन पर सुरक्षा की भी सुविधा मिलेगी। ट्रांसफर और साइटसीइंग नॉन-एसी बसों से कराई जाएगी।

कहां-कहां घूमाएगी ट्रेन?

इस पैकेज के अंतर्गत श्रद्धालु इन पवित्र स्थलों पर दर्शन करेंगे, जैसे-

  • वाराणसी- काशी विश्वनाथ मंदिर, तुलसी मानस मंदिर, संकटमोचन हनुमान मंदिर और गंगा आरती।
  • अयोध्या- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर।
  • गया- विष्णुपद मंदिर और महाबोधि मंदिर।
  • प्रयागराज- संगम पर पवित्र स्नान और हनुमान मंदिर के दर्शन।

हालांकि गंगा स्नान और गंगा आरती का कार्यक्रम पानी के लेवल और परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

कहां से चढ़ सकते हैं यात्री?

इस ट्रेन की यात्रा की शुरुआत बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन से होगी। इसके अलावा यात्री तुमकुरु, बीरूर, दावणगेरे, हावेरी, हुबली और बेलगाम से भी ट्रेन में सवार हो सकेंगे।

कितना लगेगा किराया?

इस पैकेज की कीमत प्रति यात्री 22,500 रुपये रखी गई है। लेकिन कर्नाटक सरकार ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है और 7,500 रुपये की सब्सिडी का ऐलान किया है। यानी यात्रियों को यह धार्मिक यात्रा सिर्फ 15,000 रुपये में मिलेगी।

क्या शामिल नहीं है?

इस पैकेज में बोटिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स, रूम सर्विस, गाइड चार्ज और पर्सनल खर्च जैसे वाइन, मिनरल वाटर या लॉन्ड्री शामिल नहीं हैं।

Latest Business News