A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. UPI से PF ट्रांसफर, WhatsApp पर 24x7 सेवा और 5 लाख तक ऑटो सेटलमेंट: EPFO में होने जा रहा बड़ा बदलाव, सरकार ने कर ली पूरी तैयारी

UPI से PF ट्रांसफर, WhatsApp पर 24x7 सेवा और 5 लाख तक ऑटो सेटलमेंट: EPFO में होने जा रहा बड़ा बदलाव, सरकार ने कर ली पूरी तैयारी

देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। अब PF का पैसा निकालने के लिए लंबा इंतजार और बार-बार आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। केंद्र सरकार EPFO सिस्टम में बड़े बदलाव करने जा रही है, जिससे कर्मचारी UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में PF ट्रांसफर कर सकेंगे।

PF का पैसा मिनटों में UPI...- India TV Hindi
Image Source : ANI PF का पैसा मिनटों में UPI से सीधे बैंक अकाउंट में होगा ट्रांसफर

देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब कर्मचारियों को अपने PF (प्रोविडेंट फंड) का पैसा निकालने के लिए लंबा इंतजार और कागजी प्रक्रिया का सामना नहीं करना पड़ेगा। सरकार EPFO सिस्टम में बड़े बदलाव करने जा रही है, जिसके तहत सदस्य UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में PF ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके साथ ही व्हाट्सएप पर 24x7 सेवा और 5 लाख रुपये तक ऑटो सेटलमेंट जैसी सुविधाएं भी शुरू होने वाली हैं। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि EPFO ने UPI आधारित PF निकासी सुविधा की टेस्टिंग पूरी कर ली है और इसे जल्द लॉन्च किया जाएगा। इस कदम से देश के 7 करोड़ से ज्यादा EPFO सदस्यों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

UPI से सीधे बैंक खाते में आएगा PF का पैसा

अभी तक PF निकालने के लिए कर्मचारियों को EPFO पोर्टल पर क्लेम फाइल करना पड़ता है और प्रोसेस पूरा होने में कई दिन लग जाते हैं। लेकिन नई सुविधा आने के बाद सदस्य UPI पेमेंट गेटवे के जरिए अपने PF का पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। EPFO सदस्यों को उनके खाते में उपलब्ध निकासी योग्य राशि दिखाई जाएगी। इसके बाद वे अपने लिंक्ड UPI पिन का इस्तेमाल कर ट्रांजैक्शन पूरा कर सकेंगे। पैसा सीधे बैंक खाते में पहुंच जाएगा, जिसे बाद में ATM, UPI या ऑनलाइन पेमेंट के जरिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। सरकार का कहना है कि इससे PF निकासी पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो जाएगी।

5 लाख रुपये तक ऑटो सेटलमेंट की सुविधा

EPFO ने ऑटो सेटलमेंट सिस्टम की सीमा भी बढ़ा दी है। पहले यह सुविधा केवल 1 लाख रुपये तक के क्लेम पर लागू थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है। इस सुविधा के तहत बीमारी, शिक्षा, शादी और घर बनाने जैसे जरूरी कामों के लिए किए गए PF क्लेम बिना किसी मैनुअल हस्तक्षेप के सिर्फ 3 दिन के भीतर निपटाए जाते हैं। इस बदलाव से लाखों कर्मचारियों को इमरजेंसी में जल्दी पैसा मिल सकेगा और उन्हें दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

व्हाट्सएप पर मिलेगी EPFO की 24x7 सेवा

EPFO अब अपने सदस्यों के लिए व्हाट्सएप आधारित सेवा भी शुरू करने जा रहा है। इसके जरिए सदस्य घर बैठे ही कई जरूरी जानकारियां हासिल कर सकेंगे। सदस्य EPFO के वेरिफाइड व्हाट्सएप नंबर पर सिर्फ “Hello” लिखकर बातचीत शुरू कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें PF बैलेंस, पिछली 5 ट्रांजैक्शन, क्लेम स्टेटस और अन्य सेवाओं की जानकारी मिल जाएगी। सबसे खास बात यह है कि यह सेवा स्थानीय भाषाओं में भी उपलब्ध होगी, जिससे हिंदी समेत अलग-अलग भाषाओं के लोगों को आसानी होगी।

आधार से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान

EPFO की नई व्हाट्सएप सेवा उन सदस्यों की भी मदद करेगी जिनकाआधार ऑथेंटिकेशन या DBT एक्टिवेशन अधूरा है। ऐसे लोगों को व्हाट्सएप पर ही गाइडेंस और सपोर्ट दिया जाएगा ताकि वे आसानी से अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकें। सरकार का लक्ष्य है कि सदस्यों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए EPFO ऑफिस न जाना पड़े और ज्यादातर सेवाएं डिजिटल तरीके से उपलब्ध हो जाएं।

लंबित मामलों को कम करने में भी मिली बड़ी सफलता

EPFO ने कानूनी मामलों और शिकायतों को कम करने के लिए भी मिशन मोड में काम शुरू किया है। सरकार के अनुसार, उपभोक्ता अदालतों में लंबित मामलों की संख्या में बड़ी कमी आई है। एक साल के भीतर हजारों मामलों का निपटारा किया गया है। 10 साल से ज्यादा पुराने मामलों की संख्या में भी करीब 45 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसके अलावा EPFO ने 'निधि आपके निकट' अभियान के जरिए लोगों की शिकायतों का तेजी से समाधान करने की पहल की है।

डिजिटल EPFO की तरफ बढ़ रहा देश

सरकार का मानना है कि UPI, व्हाट्सएप और ऑटो सेटलमेंट जैसी सुविधाएं EPFO को पूरी तरह डिजिटल और तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम हैं। आने वाले समय में कर्मचारियों को PF से जुड़ी सेवाएं पहले से ज्यादा आसान, सुरक्षित और तेज तरीके से मिल सकेंगी।

Latest Business News