1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. 10 मिनट में घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर! Instamart और HPCL ने मिलकर शुरू की नई सर्विस, जानें कैसे बुक करें ऑर्डर

10 मिनट में घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर! Instamart और HPCL ने मिलकर शुरू की नई सर्विस, जानें कैसे बुक करें ऑर्डर

क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ मिलकर एक नई सर्विस की शुरुआत की है। अब ग्राहकों को गैस खत्म होने पर दिनों का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि इस्टामार्ट ऐप के जरिए महज 10 मिनट में गैस सिलेंडर मंगवा सकते हैं।

Swiggy Instamart से गैस सिलेंडर...- India TV Hindi
Image Source : ANI/CANVA Swiggy Instamart से गैस सिलेंडर की बुकिंग

अगर आपके घर में अचानक गैस खत्म हो जाए, तो अब लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जल्द ही आप किराने के सामान की तरह एलपीजी सिलेंडर भी कुछ ही मिनटों में मंगा सकेंगे। भारत में पहली बार क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने मिलकर ऐसी सर्विस शुरू की है, जिसके तहत चुनिंदा एलपीजी सिलेंडर करीब 10 मिनट में घर तक पहुंचाए जाएंगे। फिलहाल इस सर्विस की शुरुआत बेंगलुरु में की गई है और वो भी उन इलाकों में, जहां इंस्टामार्ट की डिलीवरी सर्विस मौजूद है।

कौन-कौन से सिलेंडर मिलेंगे?

फिलहाल ग्राहक HP Navya 10 किलोग्राम कंपोजिट LPG सिलेंडर और HPCL का 5 किलोग्राम मेटल LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकते हैं। ये छोटे सिलेंडर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हैं, जिन्हें 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की जरूरत नहीं होती। HP Navya सिलेंडर की खास बात यह है कि यह स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का है, इसमें जंग नहीं लगती और इसका पारदर्शी डिजाइन सिलेंडर में बची गैस का स्तर आसानी से दिखा देता है।

ऐसे करें गैस सिलेंडर की बुकिंग

स्विगी इंस्टामार्ट के जरिए गैस सिलेंडर बुक करना बेहद आसान है। इसके लिए सबसे पहले ऐप खोलें। इसके बाद HPCL एलपीजी सिलेंडर सर्च करें, अपनी जरूरत के अनुसार सिलेंडर चुनें और ऑर्डर कन्फर्म कर दें। ऑर्डर पूरा होने के बाद सिलेंडर की डिलीवरी HPCL के रजिस्टर्ड डिस्ट्रीब्यूटर और ट्रेंड डिलीवरी स्टाफ द्वारा की जाएगी। यानी बुकिंग ऐप पर होगी, लेकिन डिलीवरी पूरी तरह सुरक्षा नियमों के तहत HPCL करेगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया बड़ा कदम

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस नई सर्विस की शुरुआत का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि HPCL की यह पहल डिजिटल इंडिया, ईज ऑफ लिविंग और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम है। उनके अनुसार, क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ऑन-डिमांड LPG सिलेंडर की डिलीवरी से ग्राहकों को ज्यादा सुविधा मिलेगी और स्वच्छ ईंधन तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी।

ग्राहकों को मिलेगा बड़ा फायदा

इस नई सेवा से गैस खत्म होने पर लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खासकर छोटे परिवारों, किराए के मकानों में रहने वाले लोगों, छात्रों और छोटे बिजनेस के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो आने वाले समय में भारत के कई बड़े शहरों में भी 10 मिनट में LPG सिलेंडर की डिलीवरी की सुविधा शुरू हो सकती है।

यह भी पढ़ें- उज्ज्वला योजना में अब 9 के बजाय मिलेंगे सिर्फ 4 गैस सिलेंडर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

Latest Business News