रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए अगर आप दिल्ली, गाजियाबाद या मेरठ जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए NCRTC ने नमो भारत ट्रेन की सेवाएं बढ़ाने का फैसला किया है। 27 और 28 अगस्त 2026 को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर 47 अतिरिक्त ट्रिप चलाई जाएंगी। खास बात यह है कि इन दो दिनों में ट्रेनें हर 8 मिनट में उपलब्ध होंगी।
2NCRTC के मुताबिक, रक्षाबंधन के मौके पर यात्रियों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इसे देखते हुए दो दिनों के लिए अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जाएंगी। इन अतिरिक्त ट्रिप का फायदा पूरे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के यात्रियों को मिलेगा। इन दिनों नमो भारत ट्रेन सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच संचालित होगी। सामान्य दिनों की तुलना में ट्रेन मिलने का अंतर कम होने से यात्रियों को स्टेशन पर ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
हर 8 मिनट में मिलेगी ट्रेन
रक्षाबंधन के दौरान सबसे बड़ा बदलाव ट्रेन की फ्रीक्वेंसी में होगा। 27 और 28 अगस्त को नमो भारत ट्रेन हर 8 मिनट में उपलब्ध होगी। इससे त्योहार के समय स्टेशन और ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलेगी। NCRTC का यह कदम खास तौर पर उन महिलाओं के लिए राहत देने वाला है, जो रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के घर राखी बांधने के लिए सफर करती हैं। इसके अलावा परिवार से मिलने जा रहे लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा।
बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर होगा आसान
रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में लोग बच्चों, बुजुर्गों और सामान के साथ यात्रा करते हैं। ऐसे में कम इंतजार और ज्यादा ट्रेनें यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने में मदद करेंगी। 28 अगस्त शुक्रवार होने के कारण कई लोगों को लंबे वीकेंड का फायदा भी मिल सकता है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर और मेरठ के बीच यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
सड़क के मुकाबले तेज ऑप्शन
दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच नमो भारत तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन ऑप्शन के तौर पर लोगों को जोड़ रही है। त्योहारों के दौरान सड़क पर बढ़ने वाले ट्रैफिक के बीच यह सेवा यात्रियों को बेहतर ऑप्शन दे सकती है। NCRTC ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की मांग पर लगातार नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर सेवाओं को आगे भी बढ़ाया जा सकता है, ताकि रक्षाबंधन पर लोगों का सफर सुरक्षित, आरामदायक और आसान बना रहे।
यह भी पढ़ें- मेरठ-ऋषिकेश नमो भारत को मिली मंजूरी, दिल्ली से 3 घंटे में पहुंच सकेंगे उत्तराखंड! जानिए कहां-कहां बनेंगे स्टेशन
Latest Business News