1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का हुआ उद्घाटन- चेक करें टाइमिंग्स और रूट

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का हुआ उद्घाटन- चेक करें टाइमिंग्स और रूट

इस ट्रेन से स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और रामनगर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी काफी फायदा मिलने की उम्मीद है।

Ramnagar-Dehradun Express, indian railways, ministry of railways, ashwini vaishnaw, nainital- India TV Hindi
Image Source : MINISTRY OF RAILWAYS रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का हुआ उद्घाटन

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरी झंडी दिखाकर रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को रवाना किया। इसके साथ ही, उत्तराखंड के लोगों को कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र को जोड़ने वाली एक नई ट्रेन मिल गई। ये ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के भी कुछ इलाकों से होकर गुजरेगी। लिहाजा, इस ट्रेन से न सिर्फ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी में सुधार आएगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। 

हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और रामनगर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगा जबरदस्त फायदा

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस के माध्यम से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के टूरिज्म को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस अपनी यात्रा के दौरान रामनगर से प्रस्थान कर काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इस ट्रेन से स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और रामनगर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी काफी फायदा मिलने की उम्मीद है।

कुमाऊं क्षेत्र के नैनीताल जिले में स्थित है रामनगर

उत्तराखंड का रामनगर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का मुख्य प्रवेश द्वार है। ये कुमाऊं क्षेत्र के नैनीताल जिले में स्थित है। नैनीताल जिले में घूमने-फिरने की बहुत सारी जगहें हैं। लिहाजा, ये ट्रेन उत्तराखंड के टूरिज्म को एक नई दिशा और गति प्रदान करेगा। बताते चलें कि ये रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन है, जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी।

हफ्ते में 2 दिन चलाई जाएगी रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन

रामनगर से देहरादून के लिए चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर-15310, रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस हर बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5.50 बजे रामनगर से प्रस्थान करेगी और दोपहर में 12.40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन नंबर-15309, देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस हर बुधवार और शुक्रवार को दोपहर 15.55 बजे देहरादून से प्रस्थान करेगी और रात में 11.30 बजे रामनगर पहुंचेगी।

नई ट्रेन में सभी वर्ग के यात्रियों का रखा गया है खास ध्यान 

भारतीय रेल ने रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस में सभी क्लास के यात्रियों का खास ध्यान रखा है। लिहाजा, इस ट्रेन में नॉन-एसी सिटिंग, स्लीपर क्लास, एसी चेयर कार, थर्ड एसी और सेकेंड एसी के डिब्बे भी लगाए गए हैं। बताते चलें कि रेलवे ने अभी हाल ही में मऊ और कोलकाता के बीच एक नई स्पेशल ट्रेन चलाने की भी घोषणा की है।

ये भी पढ़ें

JFWC परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए 10 स्पेशल ट्रेनें चलाएगी रेलवे- चेक करें डिटेल्स

Latest Business News