1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब बंद का कई जिलों में असर, मार्केट-स्कूल-कॉलेज बंद, सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू; परमिंदर झोटा की हत्या का विरोध

पंजाब बंद का कई जिलों में असर, मार्केट-स्कूल-कॉलेज बंद, सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू; परमिंदर झोटा की हत्या का विरोध

'पंजाब बंद' के चलते कई जगहों पर आज बाजार बंद रहे और कई जिलों में निजी स्कूल भी बंद रखे गए। बंद के आह्वान के बाद होशियारपुर, फिरोजपुर और मानसा सहित कई जगहों पर दुकानें और बाजार बंद रहे। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं चालू रहीं।

पंजाब बंद का कई जिलों में असर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पंजाब बंद का कई जिलों में असर

पंजाब के मानसा में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर आज पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। इसका असर भी सड़कों पर दिख रहा है। बंद के आह्वान को देखते हुए होशियारपुर, जालंधर, मोगा और मानसा में स्कूल-कॉलेज, दुकानें और बाजार बंद हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। 

शाम पांच बजे तक रहेगा बंद

दरअसल, मानसा एक्शन कमेटी ने मामले में इंसाफ की मांग को लेकर आज शाम 5 बजे तक पंजाब बंद की कॉल दी है। कमेटी ने मामले की सीबीआई से जांच कराने और सीएम मान के साथ-साथ डीजीपी के इस्तीफा की भी मांग की है। मानसा एक्शन कमेटी का दावा है कि ये बंद शांतिपूर्ण रहेगा लेकिन कल मानसा प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया। आरोपी अश्विनी के घर और मेडिकल स्टोर को बुलडोजर से गिरा दिया।

स्टोर गिराते ही लोगों ने उसमें तोड़फोड़ कर आग भी लगा दी। परविंदर की हत्या से गुस्साए सिख संगठनों ने मानसा में बाजार बंद करा दिए। घरवालों की मांग है कि मामले की जांच CBI करे और CM भगवंत मान और DGP गौरव यादव इस्तीफा दें। आज के प्रोटेस्ट में कई किसान संगठनों ने समर्थन दिया है।

SSP, DSP, SHO और ड्रग इंस्पेक्टर को बर्खास्त करने की मांग 

झोटा की हत्या के बाद विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक संयुक्त कार्य समिति बनाई गई है। इस समिति ने मुख्यमंत्री मान और DGP यादव के इस्तीफे की मांग की है। साथ ही, उन्होंने मानसा के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP), डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP), स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) और ड्रग इंस्पेक्टर को बर्खास्त करने की भी मांग की है। उन्होंने इस मामले की CBI जांच कराने की भी मांग की है। 

कई जगहों पर प्रदर्शन

झोटा के पिता भीम सिंह ने सभी से 15 अक्टूबर के बंद के आह्वान का समर्थन करने की अपील की थी। अमृतसर में किसान मजदूर संघर्ष समिति ने गुरुवार सुबह सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर नशीले पदार्थों की समस्या को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया और अमृतसर के गोल्डन गेट पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। 

यह हत्या तब हुई थी जब झोटा एक मेडिकल स्टोर मालिक से पूछताछ करते हुए फेसबुक लाइव कर रहा था। मेडिकल स्टोर मालिक पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीले पदार्थ बेचने का आरोप था। इस घटना ने पंजाब में राजनीतिक घमासान छेड़ दिया है, जहां अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं।

ये भी पढ़ेंः 'एंटी ड्रग्स एक्टिविस्ट परमिंदर झोटा हत्याकांड के मामले में पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ेगी', CM मान ने दिया आश्वासन

Live updates : Punjab bandh live updates

  • 1:29 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    धूरी में दुकानें बंद करवाने को लेकर हंगामा

    धूरी में पंजाब बंद के दौरान दुकानें बंद करवाने को लेकर हंगामा हुआ है। निहंग सिंहों द्वारा दुकानें बंद करवाने की कोशिश की गई। कुलचे-बर्गर की दुकान पर काम करने वाले व्यक्ति को थप्पड़ मारने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद दुकानदारों ने जबरदस्ती दुकानें बंद न करवाने की बात कही।

     

  • 1:27 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    बरनाला में बंद का असर

    नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले परमिंदर चौटा की मौत के बाद लोगों में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है। इसी मामले को लेकर विभिन्न संगठनों और राजनीतिक पार्टियों की ओर से आज पूरे पंजाब में बंद का आह्वान किया गया है। बंद के इस आह्वान का असर आज बरनाला शहर में भी देखने को मिल रहा है। शहर के बाजारों और दुकानों पर ताले नजर आ रहे हैं, जिसके चलते आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।

  • 1:26 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    कई प्रदर्शनकारी डिटेन

     पंजाब में बंद को लेकर मोगा में भी बंद का असर देखने को मिला। मोगा के मेन चौंक में कुछ प्रदर्शनकारी पहुंचे जिनको पुलिस ने डिटेन किया। पुलिस का कहना है जबरदस्ती बंद नहीं करवाने दिया जायेगा। जिले में कई जगहों पर स्कूल बंद रहे।

  • 1:24 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    डीआईजी हरजीत सिंह ने परिवार से की मुलाकात

     परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के मामले में बठिंडा रेंज के डीआईजी हरजीत सिंह परिवार से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार से परविंदर सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन परिवार ने फिलहाल अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। वहीं, मामले में मानसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना सिटी-2 की एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी मानसा वैभव चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि डीएसपी के खिलाफ कार्रवाई पुलिस मुख्यालय स्तर पर की जाएगी।

  • 1:23 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    एसएचओ लाइन हाजिर

    परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच पुलिस विभाग ने थाना सिटी-2 की एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, संबंधित डीएसपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई पुलिस हेडक्वार्टर की ओर से की जाएगी। फिलहाल एसएचओ को लाइन हाजिर करने की कार्रवाई की गई है। इस संबंध में मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने जानकारी साझा की है।

  • 1:20 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    परविंदर झोटा के आरोपी अश्वनी कुमार के पास दो हथियार हैं

    परविंदर झोटा के कत्ल करने वाले आरोपी अश्वनी कुमार ने पिस्तौल और 12 बोर बंदूक दो हथियारों का लाइसेंस लिया गया है। यह असला लाइसेंस 2024 में बना है। जनवरी 2025 में खरीदा गया और कारतूस भी लिया गया था।

  • 1:18 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    'पंजाब बंद' के आह्वान पर कई जगह बाजार बंद

    नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बृहस्पतिवार को 'पंजाब बंद' के दौरान राज्य में कई जगह बाजार बंद रहे और कई जिलों में निजी स्कूल भी बंद रहे। झोटा के परिवार ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अकाली दल वारिस पंजाब दे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों, संयुक्त किसान मोर्चा एवं अन्य किसान संगठनों तथा राज्य के सरकारी कर्मचारी संगठनों के समर्थन से 'पंजाब बंद' का आह्वान किया था। झोटा नशीले पदार्थों और दवा की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे।