1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 27 अगस्त को पंजाब में 'महा हड़ताल', बसें नहीं चलेंगी, अस्पतालों में OPD, स्कूल-कॉलेज सब बंद; 4 दिन ठप रहेगा सरकारी कामकाज

27 अगस्त को पंजाब में 'महा हड़ताल', बसें नहीं चलेंगी, अस्पतालों में OPD, स्कूल-कॉलेज सब बंद; 4 दिन ठप रहेगा सरकारी कामकाज

पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। कल 27 अगस्त को पंजाब के सरकारी कर्मचारी प्रदेशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। इससे 4 दिन तक सरकारी कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है।

punjab bandh- India TV Hindi
Image Source : PTI पंजाब बंद

चंडीगढ़: पंजाब में 3 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी और 4 लाख से ज्यादा पेंशनभोगी आम आदमी पार्टी (AAP) की भगवंत मान सरकार द्वारा बकाया महंगाई भत्ता (DA) जारी न करने के विरोध में 27 अगस्त को 'महा हड़ताल' करने जा रहे हैं। ऐसे में पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले AAP सरकार की राजनीतिक व प्रशासनिक मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं।

BJP ने किया 'महा हड़ताल' के आह्वान का समर्थन

बीजेपी ने भी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की 'महा हड़ताल' के आह्वान का समर्थन किया है। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अपने जायज बकाया भुगतान से लंबे समय तक वंचित रखे जाने के बाद यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

ढिल्लों ने कहा कि पंजाब सरकार अब बहाने या प्रशासनिक कारणों का सहारा नहीं ले सकती, क्योंकि इस मामले पर न्यायपालिका पहले ही फैसला सुना चुकी है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने राज्य सरकार की दलीलों को खारिज करते हुए बकाया DA जारी करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि इसके बाद पंजाब सरकार ने इस फैसले को डबल बेंच में चुनौती दी, लेकिन पहले का फैसला ही बरकरार रखा गया।

कर्मचारियों की क्या हैं मांगें?

  • सरकारी कर्मचारी 27 अगस्त को सरकारी कार्यालयों में राज्यव्यापी हड़ताल करेंगे ताकि सरकार पर अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को मानने के लिए दबाव डाला जा सके, जिसमें बकाया DA जारी करना भी शामिल है।
  • विरोध कर रहे कर्मचारी बकाया 18 प्रतिशत DA जारी करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने और अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने की मांग कर रहे हैं।
  • कर्मचारी और पेंशनर संगठनों की ओर से DA के भुगतान को लेकर भी सरकार पर दबाव बनाया जा रहा है। कुछ कर्मचारी संगठनों ने हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार महंगाई भत्ते और उसके बकाये का भुगतान करने की मांग उठाई है।

क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद?

  • 27 अगस्त को सचिवालय से लेकर जिला स्तर तक सरकारी कार्यालयों में कामकाज बंद रहेगा।
  • उपायुक्त, एसडीएम, तहसील और राजस्व कार्यालयों के अलावा परिवहन, स्वास्थ्य, स्कूल और कॉलेजों के कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे।
  • अस्पतालों की OPD, सरकारी परिवहन सेवाएं (रोडवेज बसें) और स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह ठप रहेंगे। हालांकि अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है।

4 दिन प्रभावित रहेगा सरकारी कामकाज 

वहीं, बता दें कि 27 अगस्त के बाद 28 अगस्त को रक्षाबंधन का सरकारी अवकाश है और इसके बाद शनिवार-रविवार होने के कारण लगातार कई दिनों तक नियमित सरकारी कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है।

यह भी पढ़ें-

पंजाब आए ऑस्ट्रेलिया के रिटायर्ड टीचर गायब, 22 मई से फोन बंद; बेटी ने CM मान से लगाई मदद की गुहार